आईपीएल 2026 में आज चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच अब तक 16-16 मुकाबले बराबरी पर हैं, चेन्नई में हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद।
आईपीएल 2026 के 7वें मैच में 3 अप्रैल (शुक्रवार) को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) का सामना करेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों में जबरदस्त बल्लेबाजों और अंतरराष्ट्रीय सितारों का शानदार मेल है।
पिच रिपोर्ट
चेन्नई की पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी मानी जाती है। यहां रन बनते हैं और बाउंड्री भी अपेक्षाकृत छोटी है। ओस की वजह से टीमें ज्यादातर लक्ष्य का पीछा करना पसंद करती हैं। 175 के आसपास के स्कोर पर गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजों के लिए खेलना आसान हो जाता है। मौसम गर्म रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दूसरी पारी में ओस के कारण गेंदबाजों को परेशानी हो सकती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
दोनों टीमें बराबरी पर
चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं। आईपीएल में दोनों टीमें अब तक 32 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें दोनों ने 16-16 मैच जीते हैं। इस राइवलरी में चेन्नई का सर्वाधिक स्कोर 240 और पंजाब किंग्स का सर्वाधिक स्कोर 231 रहा है।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
संजू सैमसन ने पंजाब के खिलाफ 25 पारियों में 36.18 की औसत और 142.39 के स्ट्राइक रेट से 796 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। युजवेंद्र चहल आईपीएल इतिहास के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 7.1 की इकॉनमी से 23 विकेट लिए हैं। पंजाब के तेज गेंदबाज विजयकुमार विशक ने पिछले मैच में 3 विकेट लिए थे। वहीं डेब्यू मैच में कूपर कोनोली ने नाबाद 72 रन बनाकर प्रभावित किया था और वह इस प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेंगे।
संभावित प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्सः संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, कार्तिक शर्मा, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, खलील अहमद, मैट हेनरी।
इम्पैक्ट प्लेयरः सरफराज खान / राहुल चाहर
पंजाब किंग्सः प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।