क्रिकेट। इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने आपस में चार खिलाड़ियों की अदला-बदली कर ली है। सीएसके- एसआरएच ने ट्रेड के तहत इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स अब पीली जर्सी में दिखेंगे। वहीं, तेज गेंदबाज खलील अहमद और नाथन एलिस हैदराबाद की टीम का हिस्सा बन गए हैं। आईपीएल ने गुरुवार को इस सौदे पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।
आधी कीमत पर चेन्नई पहुंचे लिविंगस्टोन
इस ट्रेड में सबसे ज्यादा चर्चा लियाम लिविंगस्टोन की कीमत को लेकर है। हैदराबाद ने उन्हें आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 13 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब चेन्नई के साथ वे 6 करोड़ रुपये की संसोधित फीस पर जुड़े हैं, यानी कीमत करीब आधी रह गई। लिविंगस्टोन ने आईपीएल 2025 में आरसीबी के साथ खिताब जीता था। लेकिन आईपीएल 2026 में वे हैदराबाद के लिए सिर्फ दो मैच ही खेल सके।
चोट से परेशान रहे एलिस और खलील
हैदराबाद में जाने वाले दोनों तेज गेंदबाजों के लिए पिछला सीजन चोटों की भेंट चढ़ गया। नाथन एलिस को चेन्नई ने 2 करोड़ रुपये में साइन किया था। टीम को उम्मीद थी कि वे मथीशा पथिराना की जगह डेथ ओवरों की कमान संभालेंगे। मगर सीजन शुरू होने से पहले ही हैमस्ट्रिंग की चोट ने उन्हें बाहर कर दिया। फिर उनकी जगह स्पेंसर जॉनसन को टीम में लिया।
इतना ही नहीं खलील अहमद ने चेन्नई के लिए 5 मैच खेले। हालांकि उनको भी क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण टूर्नामेंट बीच में छोड़ना पड़ा। अब वे 4.8 करोड़ रुपये में फिर हैदराबाद लौट रहे हैं। यह उनके लिए घर वापसी जैसा है, क्योंकि वे 2018 से 2021 तक इसी टीम के लिए खेल चुके हैं।
16 दिसंबर को गोवा में होगी नीलामी
आईपीएल 2027 की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। इससे पहले लगातार तीन नीलामियां भारत से बाहर हुई थीं। 2024 में दुबई, 2025 के लिए सऊदी अरब और 2026 में अबू धाबी में बोली लगी थी। अब नीलामी की वापसी देश में हो रही है।