आईसीसी टी 20 वर्ल्डकप में पाकिस्तान ने USA को हराकर ग्रुप ए में टॉप किया, न्यूजीलैंड ने UAE को 10 विकेट से हराया, नीदरलैंड भी जीता।
नई दिल्लीः आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में ग्रुप ए की तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होने लगी है। मंगलवार को खेले गए तीन मुकाबलों में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और नीदरलैंड ने जीत दर्ज कर अपने इरादे जता दिए। पाकिस्तान ने अमेरिका को 32 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की और ग्रुप ए में टॉप पर पहुंच गया। वहीं न्यूजीलैंड ने UAE को 10 विकेट से रौंद दिया, जबकि नीदरलैंड ने नामीबिया पर 7 विकेट की आसान जीत दर्ज की।
पाकिस्तान बनाम USA: संघर्ष के बावजूद अमेरिका की हार
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 190 रन बनाए और अमेरिका को जीत के लिए 191 रन का लक्ष्य दिया। साहिबजादा फरहान ने 41 गेंदों पर 73 रन की शानदार पारी खेली। बाबर आजम ने 46 रन बनाए, जबकि शादाब खान ने 30 रन का योगदान दिया। अमेरिका की ओर से शैडली वैन शल्कविक ने गेंद से कहर बरपाते हुए 4 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए USA की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन सलामी जोड़ी टूटते ही मिडिल ओवरों में विकेट गिरते चले गए। शुभम और मिलिंद ने साझेदारी जरूर की, लेकिन रन रेट लगातार बढ़ता गया। अमेरिका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 158 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के लिए उस्मान तारिक ने 3 विकेट लिए। इस जीत के साथ पाकिस्तान ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंच गया।
न्यूजीलैंड बनाम UAE: ओपनर्स का कहर, 10 विकेट से जीत
टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। चेन्नई के चेपॉक मैदान पर UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 173 रन बनाए। कप्तान मुहम्मद वसीम ने 66 रन, जबकि अलीशान शराफू ने 55 रन की पारी खेली।
न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने 2 विकेट लिए, जबकि जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने बिना विकेट गंवाए 15.2 ओवर में 174 रन बना लिए। टिम सइफर्ट ने 89* और फिन एलन ने 84* रन बनाए। दोनों के बीच हुई 175 रन की ओपनिंग साझेदारी टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में न्यूजीलैंड के ओपनर्स की सबसे बड़ी साझेदारी है।
नीदरलैंड बनाम नामीबिया: भरोसेमंद बल्लेबाजी से आसान जीत
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। नामीबिया ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 156 रन बनाए। निकोल लोफ्टी-ईटन ने 42 रन, जॉन फ्राइलिनक ने 30 रन और जेजे स्मिट ने 15 गेंदों पर 22 रन बनाए। नीदरलैंड ने लक्ष्य को 18 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। बास डी लीडे ने 48 गेंदों पर 72 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। कॉलिन एकरमैन ने 32 और माइकल लेविट ने 28 रन बनाए। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स 18 रन पर नाबाद रहे।
गेंदबाजी में लोगान वैन बीक और बास डी लीडे ने 2-2 विकेट लिए।