Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > खेल

अर्जेंटीना सेमीफाइनल में पहुंचा

अर्जेंटीना छठी बार वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में, स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया; अब इंग्लैंड से होगी टक्कर

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब उसका सामना इंग्लैंड से होगा।


अर्जेंटीना छठी बार वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया अब इंग्लैंड से होगी टक्कर

कैन्सस। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। लियोनेल मेसी की टीम ने विश्व कप इतिहास में छठी बार अंतिम चार में प्रवेश किया है। अब अर्जेंटीना का सामना 15 जुलाई को इंग्लैंड से होगा।

कैन्सस सिटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले की शुरुआत से ही अर्जेंटीना ने आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 10वें मिनट में कप्तान लियोनेल मेसी के शानदार पास पर एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में अर्जेंटीना ने कई मौके बनाए, लेकिन बढ़त को दोगुना नहीं कर सकी।

दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने दमदार वापसी की। 67वें मिनट में डैन एनड्यॉय ने रिकार्डो रोड्रिग्ज के पास पर शानदार गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने लगातार हमले किए, लेकिन निर्धारित 90 मिनट और 8 मिनट के इंजरी टाइम में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।

एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना ने दिखाया चैंपियन वाला खेल

मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा तो अर्जेंटीना ने अपना अनुभव दिखाया। 112वें मिनट में जूलियन अल्वारेज ने शानदार गोल कर टीम को फिर से बढ़त दिलाई। इसके बाद अंतिम क्षणों यानी 121वें मिनट में एमी मार्टिनेज ने तीसरा गोल कर स्विट्जरलैंड की वापसी की उम्मीदों पर पूरी तरह विराम लगा दिया। इसी के साथ अर्जेंटीना ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मेसी का रिकॉर्ड और अर्जेंटीना की नई उपलब्धि

इस मैच में लियोनेल मेसी ने एक गोल असिस्ट किया, जो उनके वर्ल्ड कप करियर का 10वां असिस्ट रहा। वहीं मैक एलिस्टर ने लगातार दूसरे वर्ल्ड कप में गोल करने का रिकॉर्ड बनाया।अर्जेंटीना वर्ल्ड कप इतिहास की पहली टीम बन गई है, जिसने एक ही टूर्नामेंट में दो अलग-अलग मुकाबलों के एक्स्ट्रा टाइम के एक ही हाफ में दो-दो गोल किए हैं। इससे पहले टीम ने राउंड ऑफ-32 में केप वर्डे के खिलाफ भी ऐसा ही कारनामा किया था।इसके अलावा अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप में लगातार 15वें मैच में गोल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इस सूची में अब उससे आगे केवल उरुग्वे, हंगरी, जर्मनी और ब्राजील जैसी टीमें हैं।

स्विट्जरलैंड का लंबा रिकॉर्ड टूटा

इस मुकाबले में स्विट्जरलैंड का लगातार बिना पिछड़े खेलने का रिकॉर्ड भी टूट गया। टीम वर्ल्ड कप क्वालिफायर और वर्ल्ड कप के मुकाबलों में लगातार 1,030 मिनट (17 घंटे 10 मिनट) तक किसी भी मैच में पीछे नहीं रही थी, लेकिन मैक एलिस्टर के शुरुआती गोल ने यह सिलसिला खत्म कर दिया।

सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगी भिड़ंत

लगातार दूसरे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची अर्जेंटीना अब 15 जुलाई को इंग्लैंड से भिड़ेगी। फुटबॉल प्रेमियों की नजरें अब इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर होंगी, जहां डिफेंडिंग चैंपियन फाइनल का टिकट हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Related to this topic: