अगर आप भी घर में लोगों के हिसाब से रोटियां गिनकर बनाते हैं या बासी आटे की रोटी बनाते हैं, तो जान लें कि यह वास्तु दोष है, नहीं तो आपके घर में भी इसके प्रभाव नजर आ सकते हैं।
क्या आप भी रोटियां हमेशा गिनकर बनाते हैं? वास्तु शास्त्र में इसे अशुभ माना जाता है। रोटियां गिनकर बनाना घर में ‘अभाव’ और दरिद्रता की मानसिकता को दर्शाता है, जिससे मां अन्नपूर्णा और लक्ष्मी जी कभी प्रसन्न नहीं रहतीं।
भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, हमेशा 2-3 रोटियां अधिक बनाना चाहिए ताकि घर में बरकत बनी रहे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। अक्सर देखा जाता है कि लोग यही सोचकर रोटियां बनाते हैं कि न तो कम पड़ जाए और न ही ज्यादा बचे। लेकिन वास्तुशास्त्र में इसे अशुभ माना जाता है।
रोटियों से जुड़ी छोटी आदतें भी मायने रखती हैं
अन्न से जुड़ी हमारी छोटी-छोटी आदतें भी घर की समृद्धि और माहौल पर असर डालती हैं। जब रोटियां गिनकर बनाई जाती हैं, तो यह कहीं न कहीं कमी की मानसिकता को दर्शाता है। माना जाता है कि रोटियों को गिनना या अन्न को गिनना समृद्धि की देवी अन्नपूर्णा और धन की देवी मां लक्ष्मी के प्रति अनादर के समान है।
यदि यह आदत लंबे समय तक जारी रहे, तो घर में धीरे-धीरे आर्थिक तंगी आने लगती है। आमदनी कम दिखाई देती है, खर्च बढ़ता है और बचत टिक नहीं पाती।
घर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के वास्तु टिप्स
- घर में सुख-समृद्धि बनाए रखने के लिए हमेशा एक-दो ज्यादा रोटियां बनाएं।
- खाना बनाते समय मन शांत और खुश रखें, क्योंकि रसोई की ऊर्जा पूरे घर में फैलती है।
- कभी भी बची हुई रोटियों को फेंकना नहीं चाहिए। हमेशा जरूरतमंद को वह खाना दें या फिर पशुओं को खिला दें।
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पहली रोटी गाय को खिलानी चाहिए। इससे घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।
रसोई के अन्य वास्तु नियम
- रोटी बेलते समय चकले से आने वाली ‘खट-खट’ आवाज़ अशुभ मानी जाती है। इसके लिए चकले के नीचे पतला कपड़ा रख दें ताकि आवाज न हो।
- गूंथा हुआ आटा फ्रिज में रखना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इसे वास्तु में ‘पितृ दोष’ का कारण माना जाता है। इसलिए रोज ताजा आटा गूंथना चाहिए। ताजा आटा सकारात्मक ऊर्जा लाता है, जबकि बासी आटा आलस्य और नकारात्मकता बढ़ाता है।
- तवे को हमेशा साफ रखें। गर्म तवे पर कभी सीधे पानी न डालें, इससे घर में संकट की स्थिति बन सकती है।
- अगर हो सके, तो खाना बनाते समय आपका मुख हमेशा पूर्व दिशा (East) की ओर रखे । इससे घर के सदस्यों का स्वास्थ्य अच्छा रहता है।
रोटियों और रसोई के इन छोटे-छोटे नियमों का पालन करके आप न केवल घर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रख सकते हैं, बल्कि समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली भी सुनिश्चित कर सकते हैं।