महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में ड्रोन और 200 से ज्यादा CCTV से निगरानी, डेढ़ हजार पुलिस बल रहेगा तैनात
उज्जैन में 15-16 फरवरी को 10 लाख श्रद्धालुओं की संभावना, 44 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के पट
श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। इस बार सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन कोई चूक नहीं चाहता। इसी वजह से महाकाल मंदिर, महाकाल महालोक और आसपास के पूरे क्षेत्र की निगरानी अत्याधुनिक ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
एडीजी राकेश गुप्ता खुद व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। वे पहले उज्जैन में एसपी, डीआईजी और आईजी रह चुके हैं और एक बार फिर रेंज आईजी के रूप में लौटे हैं। महाशिवरात्रि के मद्देनजर वे लगातार पुलिस अधिकारियों से दर्शन व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर फीडबैक ले रहे हैं।
10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
पिछले वर्षों के अनुभवों को देखते हुए पुलिस प्रशासन का अनुमान है कि 15 और 16 फरवरी को करीब 10 लाख श्रद्धालु उज्जैन पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया गया है.15 फरवरी तड़के भस्मार्ती के बाद मंदिर के पट लगातार 44 घंटे तक आम दर्शन के लिए खुले रहेंगे। 16 फरवरी को दोपहर में वर्ष में एक बार होने वाली विशेष भस्मार्ती होगी, जिसमें बड़ी संख्या में विशिष्टजनों के आने की भी संभावना है।
डेढ़ हजार पुलिस बल, 150 महिला जवान भी तैनात
एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, महाशिवरात्रि के दोनों दिन मंदिर परिसर, महाकाल महालोक और शहर की प्रमुख व्यवस्थाओं के लिए करीब डेढ़ हजार पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात रहेंगे। इनमें से लगभग 250 पुलिसकर्मी विशेष रूप से वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट संभालेंगे.महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करीब 150 महिला पुलिसकर्मी तैनात की जाएंगी। इसके साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिस बल मौजूद रहेगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
ड्रोन और CCTV से हर गतिविधि पर नजर
एडीजी राकेश गुप्ता के मुताबिक, मंदिर के अंदर और बाहर श्रद्धालुओं की कतारों की निगरानी के लिए 200 से अधिक आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा 5 ड्रोन कैमरे पूरे क्षेत्र की चौतरफा निगरानी करेंगे.इन सभी कैमरों की फीड एक विशेष कंट्रोल रूम में पहुंचेगी, जहां से पुलिस अधिकारी लगातार भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखेंगे। किसी भी संदिग्ध स्थिति या व्यक्ति के दिखते ही तुरंत एक्शन लेने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।