सीएम योगी सिंगापुर में कारोबारियों से मिले, यूपी में निवेश का न्योता दिया। 3 दिन में 25 CEOs से बैठक, इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर पर फोकस
सिंगापुर की चमकती कारोबारी गलियों में इन दिनों उत्तर प्रदेश की चर्चा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिवसीय दौरे पर सिंगापुर पहुंचे हैं और यहां उन्होंने सीधे वैश्विक निवेशकों से संवाद शुरू कर दिया है। संदेश साफ है यूपी अब सिर्फ संभावनाओं का प्रदेश नहीं, तैयार बाजार है.पहले ही दिन सीएम योगी ने बड़े कॉरपोरेट समूहों के साथ बैठकों का सिलसिला शुरू किया और उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए खुला न्योता दिया।
यूपी निवेशकों के लिए रेडी
मुख्यमंत्री ने बैठकों में कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर नीतियां सरल की गई हैं और मंजूरी की प्रक्रिया तेज हुई है। 25 करोड़ से ज्यादा आबादी वाला राज्य अपने आप में एक विशाल उपभोक्ता बाजार है.उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि कानून-व्यवस्था में सुधार, मजबूत एक्सप्रेसवे नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी की वजह से लंबी अवधि के निवेशकों को यहां स्थिर रिटर्न मिलेगा.सीएम के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी भी मौजूद रहे। दिलचस्प बात यह रही कि जहां दोनों मंत्री फॉर्मल सूट में दिखे, वहीं सीएम योगी पारंपरिक भगवा परिधान में नजर आए।
किन दिग्गज कंपनियों से हुई बातचीत
सीएम योगी की टीम ने पहले दिन ही कई अहम वैश्विक संस्थानों के साथ बैठकें कीं।
GIC के CEO लिम चाउ कियाट के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्रियल पार्क पर चर्चा हुई। गंगा एक्सप्रेसवे और ग्रीनको के साथ चल रही साझेदारी की सराहना भी की गई।DBS Group की CEO तान सु शान से वित्तीय सहयोग, प्रोजेक्ट फंडिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश को लेकर बात हुई।Temasek के चेयरमैन तेओ ची हीन के साथ डेटा सेंटर, रिन्यूएबल एनर्जी और लॉजिस्टिक्स हब पर चर्चा हुई। इसी दौरान बताया गया कि टेमासेक से जुड़ी Manipal Hospitals गाजियाबाद में 500 करोड़ रुपए का निवेश कर रही है, जबकि Ascendas यूपी में वेयरहाउसिंग सेक्टर में करीब 500 करोड़ लगाएगी।
25 CEOs से मुलाकात, फिर जापान का रुख
सरकारी कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम योगी तीन दिनों में कुल 25 कंपनियों के CEOs से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 25 फरवरी को वे जापान रवाना होंगे, जहां निवेश को लेकर अगला चरण शुरू होगा.इधर, निवेश कूटनीति के दूसरे मोर्चे पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल फ्रैंकफर्ट पहुंच चुका है। जर्मनी में भी आईटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियल निवेश पर जोर रहेगा.अब निगाहें. इस बात पर हैं कि इन बैठकों से यूपी की झोली में कितने ठोस निवेश प्रस्ताव आते हैं।