यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन के बाद संभावित आंसर-की सामने आई। 7.23 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए, 32,679 पदों पर भर्ती जारी है।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन प्रदेशभर में सिपाही भर्ती का बड़ा इम्तिहान हुआ। इस भर्ती अभियान में कुल 32,679 पद भरे जाने हैं और परीक्षा 8 से 10 जून तक चलेगी। पहले दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए और परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें दिखीं। भर्ती बोर्ड के अनुसार पहले दिन 9,62,832 उम्मीदवारों को बुलावा भेजा गया था, जिनमें से करीब 7,23,540 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
दो शिफ्ट में हुआ पेपर, सवालों ने किया कन्फ्यूज
परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। दोनों शिफ्ट में 150-150 प्रश्न पूछे गए, जिनमें जनरल स्टडीज, मैथ्स, हिंदी, रीजनिंग और मानसिक क्षमता जैसे सेक्शन शामिल रहे। कई उम्मीदवारों ने बताया कि गणित और सामान्य अध्ययन के सवाल अपेक्षा से ज्यादा कठिन आए। कुछ सवालों ने तो अच्छे-खासे तैयार छात्रों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।
कोचिंग की संभावित आंसर-की से बढ़ी चर्चा
परीक्षा खत्म होने के बाद प्रयागराज की एक कोचिंग ‘स्टडीफ्राय’ ने संभावित आंसर-की जारी कर दी। इसमें करीब 300 सवालों के उत्तर शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि यह आधिकारिक उत्तर कुंजी नहीं है, फिर भी छात्रों के बीच इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है और लोग अपने जवाबों का मिलान कर रहे हैं। देखिए पहली कुंजी और दूसरी कुंजी। इसके लिए लिंक बनाई गई है।
कड़ी चेकिंग और सख्त सुरक्षा ने बढ़ाई सख्ती
इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बेहद कड़ी रखी गई। कई जगहों पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और रेटिना स्कैन तक किया गया। झांसी में अभ्यर्थियों के जूते और मोजे उतरवाए गए। सहारनपुर में चेन और चश्मे तक चेक किए गए। जौनपुर में महिला अभ्यर्थियों के बालों की जांच के लिए जूड़ा खुलवाया गया। वहीं कुछ केंद्रों पर बाल और दाढ़ी की भी जांच की गई।
परीक्षा के बीच सामने आए कुछ भावुक पल
मैनपुरी में परीक्षा देकर बाहर निकली एक महिला अभ्यर्थी भावुक हो गई। उसका कहना था कि ओएमआर शीट समय से पहले ले ली गई, जिससे वह काफी परेशान हो गई। ऐसे कई केंद्रों से अलग-अलग तरह की शिकायतें भी सामने आईं।
तीन दिन चलेगी परीक्षा, लाखों अभ्यर्थी शामिल
यह भर्ती परीक्षा तीन दिन तक चलेगी और कुल 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी इसमें हिस्सा लेंगे। पूरे राज्य के 75 जिलों में 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए रोडवेज बसों में 50% किराया छूट देने की घोषणा की है। इसके लिए उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा।