Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

यूपी में शिक्षकों के लिए बड़ी योजना

यूपी के 12 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफा! ₹1 करोड़ तक दुर्घटना बीमा, ₹5 लाख तक मुफ्त कैशलेस इलाज

उत्तर प्रदेश सरकार ने लगभग 12 लाख शिक्षकों के लिए दुर्घटना बीमा और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की योजना शुरू की। योजना का लाभ शिक्षकों के परिवारों को भी मिलेगा।


यूपी के 12 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफा ₹1 करोड़ तक दुर्घटना बीमा ₹5 लाख तक मुफ्त कैशलेस इलाज

सीएम योगी ने लॉन्च की शिक्षक सुरक्षा योजना, स्थायी, संविदा कर्मचारी, शिक्षामित्र, रसोइया और वार्डेन भी होंगे लाभान्वित।

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शिक्षकों के लिए 1 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा और 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का ऐलान किया। इस योजना का लाभ प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, वार्डेन और अन्य कर्मचारियों को मिलेगा।

दुर्घटना पर मिलेगा करोड़ों का बीमा कवर

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसी स्थायी शिक्षक या कर्मचारी के दुर्घटना का शिकार होने पर 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर, 1 करोड़ रुपये का स्थायी दिव्यांगता बीमा और 1.60 करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट बीमा कवर मिलेगा। वहीं, 10 हजार रुपये से अधिक वेतन पाने वाले संविदा कर्मचारियों को 30 लाख से 80 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलेगा, जबकि 10 हजार रुपये से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को 2 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा।

बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी के लिए भी सहायता

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यदि किसी शिक्षक या कर्मचारी के साथ कोई अनहोनी होती है तो उनके परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार उनके बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों और उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में बड़ा कदम है।

12 लाख शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज

सरकार ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना भी शुरू की है। इसके तहत शिक्षकों और उनके आश्रित परिवार पति या पत्नी, माता-पिता और अविवाहित बच्चों को हर वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। इस योजना पर सरकार हर साल करीब 450 करोड़ रुपये खर्च करेगी और इसका पूरा प्रीमियम राज्य सरकार वहन करेगी।

ऐसे मिलेगा योजना का लाभ

योजना का लाभ लेने के लिए शिक्षकों को आधिकारिक पोर्टल पर अपने और परिवार के सदस्यों का आधार विवरण दर्ज कराना होगा। विभागीय सत्यापन के बाद आयुष्मान ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी पूरी कर कैशलेस हेल्थ कार्ड डाउनलोड किया जा सकेगा। इस कार्ड के जरिए देशभर के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में बिना भुगतान किए इलाज कराया जा सकेगा।

शिक्षकों से बोले योगी-बच्चों का भविष्य आपके हाथ में

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों से बच्चों की शिक्षा, स्वच्छता और संस्कारों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि "मजबूत नींव पर ही भव्य इमारत खड़ी होती है। शिक्षक देश के भविष्य की नींव तैयार करते हैं।" उन्होंने स्कूलों में स्वच्छ वातावरण, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए शिक्षकों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Related to this topic: