Shivraj Singh Chouhan Diwali: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीपावली के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की परंपरा को सत्य की विजय, मर्यादा की प्रतिष्ठा और धर्म की पुनर्स्थापना का प्रतीक बताया गया। संदेश में कहा गया कि रामराज्य का वास्तविक अर्थ ऐसा समाज है, जहां शासन में न्याय, समाज में समरसता और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान मिले।
मां लक्ष्मी की आराधना पर डाला प्रकाश
मां लक्ष्मी की आराधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि लक्ष्मी केवल भौतिक संपन्नता की देवी नहीं, बल्कि धर्म और सत्य से भी जुड़ी हैं। उनकी कृपा का वास्तविक स्वरूप तब दिखाई देता है, जब किसी गरीब परिवार के जीवन में खुशहाली आती है, किसान के चेहरे पर संतोष झलकता है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है।
49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर
संदेश में देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए विश्व बैंक की रिपोर्ट के आंकड़ों का हवाला दिया गया। इसके अनुसार, वर्ष 2011 से 2023-24 के बीच भारत में लगभग 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए प्रयासों का परिणाम बताया गया।
शिल्पकारों की कलाकृतियों को महत्व देने की अपील
दीपावली को श्रम, कला और सृजन का पर्व बताते हुए स्थानीय कारीगरों और उत्पादकों के योगदान को भी रेखांकित किया गया। संदेश में लोगों से कुम्हारों के दीप, किसानों के उत्पाद और शिल्पकारों की कलाकृतियों को महत्व देने की अपील की गई। साथ ही स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करने और 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को अपनाने का आह्वान किया गया। संदेश के अंत में सभी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए न्याय, समरसता, आत्मनिर्भरता और खुशहाली के संकल्प के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।