उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान प्राचीन शिवलिंग मिलने से हड़कंप मच गया। पुरातत्व विभाग जांच करेगा, जमीन के नीचे प्राचीन मंदिर होने की संभावना जताई गई।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर परिसर में शुक्रवार तड़के चौंकाने वाली घटना हुई। यहां पोकलेन मशीन से टनल की खुदाई के दौरान तड़के करीब चार बजे जमीन से एक प्राचीन शिवलिंग निकल आया। इसे देखकर मौके पर मौजूद लोग चौंक गए। इसके बाद खुदाई का काम रोकना पड़ा। शिवलिंग करीब एक हजार वर्ष पुराना होने का दावा किया जा रहा है।
दरअसल, महाकाल मंदिर के चार नंबर गेट के पास अंडरपास बनाने के लिए पिछले एक माह से खुदाई की जा रही है। शुक्रवार को जैसे ही खुदाई शुरू करने के लिए पोकलेन मशीन ने जमीन में पंजा मारा, तो वहां से शिवलिंग और शिव परिवार की आकृति वाले दो पत्थर निकले। यह देख मौके पर हड़कंप मच गया।
पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण
शिवलिंग निकलने के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह और जिज्ञासा दोनों देखी जा रही हैं। कई लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं पुरातात्विक दृष्टि से भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि स्थल को सुरक्षित रखा जा सके।
धार्मिक आस्था का केंद्र
मंदिर के समीप रहने वाले ज्योतिषाचार्य अक्षत व्यास ने बताया कि यह क्षेत्र प्राचीन काल से ही धार्मिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। उज्जयिनी प्राचीन नगरी होने के कारण अनादिकाल से धार्मिक आस्था का केंद्र रही है। यह बाबा महाकाल की नगरी है और उनका हर स्थान पर वास माना जाता है।
इंजीनियर सतीश राजपूत ने मंदिर प्रशासन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही अधिकारी और पुजारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद शिवलिंग की पूजा कर खुदाई का काम बंद करवा दिया गया। अब पुरातत्व विभाग इस शिवलिंग की ऐतिहासिकता और प्राचीनता की जांच करेगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंजीनियर सतीश राजपूत ने बताया कि जैसे ही खुदाई शुरू की गई, मशीन का पंजा किसी ठोस वस्तु से टकराया। ध्यान से देखने पर वहां शिवलिंग दिखाई दिया। इसके साथ ही दो अन्य पत्थर भी निकले, जो शिव परिवार का हिस्सा हो सकते हैं। इसके अलावा जमीन के अंदर प्राचीन मंदिर होने की भी संभावना जताई गई है।