उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। महाकाल मंदिर क्षेत्र के पास चल रहे एक अवैध कत्लखाने पर पुलिस ने छापा मारकर बड़ा खुलासा किया है। महाकाल थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने एक मकान में दबिश दी। मौके से जीवित गाय का बछड़ा, भारी मात्रा में मांस, धारदार हथियार और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया गया। मकान के अंदर खून के निशान और पशु कटाई में इस्तेमाल होने वाले औजार भी मिले, जिससे अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई।
प्रतिबंध के बावजूद चल रहा था अवैध कारोबार
उज्जैन को धार्मिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है और यहां मांस विक्रय व बूचड़खाने पर सख्त प्रतिबंध है। इसके बावजूद महाकाल मंदिर के पास इस तरह की गतिविधि सामने आना प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी मौके से फरार होने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाजी मुस्तकीम और वसीम बम्बईया के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।
पशु क्रूरता और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच के बाद अब पुलिस इस अवैध कारोबार के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि मांस की सप्लाई कहां की जानी थी और इस पूरे मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।