उज्जैन के बड़नगर में 2 साल के मासूम की बोरवेल में गिरने से मौत हो गई। 22 घंटे चले रेस्क्यू के बाद SDRF-NDRF ने शव बाहर निकाला। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 2 साल के मासूम भागीरथ देवासी की 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरने से मौत हो गई। करीब 22 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे के शव को बाहर निकाला गया।
मां के सामने हुआ हादसा
घटना झालरिया गांव की है। जहां बच्चा अपनी मां के सामने खेलते-खेलते खुले बोरवेल में गिर गया। परिजनों के अनुसार, बच्चा पत्थर हटाकर उसे बाल्टी समझ बैठा और जैसे ही पैर अंदर डाला, वह सीधे गहराई में चला गया। मां ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
22 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। लोहे की छड़, रस्सी और मोटर निकालने वाली मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बच्चे को बचाने के लिए 4 जिलों की एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की रेस्क्यू टीमें आईं थी। इस दल के सदस्यों ने भूखे प्यासे रहकर रात दिन मेहनत कर बचाने का प्रयास किया। करीब 22 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिवार राजस्थान से आया था
भागीरथ का परिवार पाली जिले का रहने वाला है। वे क्षेत्र में भेड़ चराने के लिए आए हुए थे। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मासूम की मौत का पता चलते ही मां-बाप के आंसू नहीं थम रहे हैं। वहीं, ग्रामीण भी घटना के बाद से गमगीन हैं।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
एसपी ने बताया कि बच्चे के शव को बड़नगर के शासकीय अस्पताल भेजा गया है। मामले में लापरवाही की जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग करने वाली सभी टीमों का आभार भी व्यक्त किया।