छिंदवाड़ा में गुरुवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस की ट्रक से टक्कर हुई ।10 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल, जिला अस्पताल में इलाज जारी।
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से गुरुवार शाम एक बेहद दुखद खबर सामने आई। एक पल पहले तक जो लोग खुशी-खुशी कार्यक्रम से लौट रहे थे। अगले ही पल सड़क पर चीख-पुकार मच गई। बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
सेमरिया हनुमान मंदिर के पास हुआ हादसा
यह हादसा मोहखेड़ थाना क्षेत्र के पास, सेमरिया हनुमान मंदिर के नजदीक हुआ। शाम करीब 6:30 बजे बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। अंदर बैठे यात्री बुरी तरह फंस गए, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सीएम कार्यक्रम से लौट रहे थे यात्री
बस में सवार सभी लोग मुख्यमंत्री मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रहे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद बस उमरानाला की ओर जा रही थी। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। बस में कुल 41 लोग सवार थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
हादसा देख लोगों के रोंगटे खड़े हुए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बेहद भयावह था। कई यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं कुछ लोग बस के अंदर ही फंसे रह गए। मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
राहत और बचाव में जुटा प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही 20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। छिंदवाड़ा के एसपी अजय पांडेय भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को निकालने के लिए क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद ली गई।
जिला अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट
सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। यहां इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का इलाज कर रही है। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया था। सड़क के जाम को धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सीएम मोहन ने हादसे पर जताया दुख
इस सड़क हादसे की जानकारी मिलने पर सीएम मोहन यादव ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की हैं।