Six Cows Suspicious Death in Raipur : छत्तीसगढ़। रायपुर से सटे उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत मेटल पार्क कन्हेरा श्मशान घाट के पास रविवार सुबह छह गायों के शव मिले। घटनास्थल पर ही लगभग 50 बोरी पशु आहार मिला है। आशंका है कि इसी पशु आहार को खाने से गायों की मौत हुई है। मामले में सियासत भी गरमा गई है। सूचना मिलते ही उरला पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मृत गायों का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सकों की टीम ने किया और विसरा को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा गया है। पुलिस ने मौके पर ही बिरगांव नगर निगम की टीम कि मदद से मृत गायों के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
बिना ब्रांड के पशु आहार
घटनास्थल के पास मिले पशु आहार के पैकेट पर किसी भी ब्रांड का नाम अंकित नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं बोरी में रखे आहार को खाने से गायों की मौत हुई है। पुलिस ने पशु आहार के सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
राजनीति भी शुरू
गायों की मौत को लेकर अब सियासी घमासान भी शुरू हो गया है। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सीधे तौर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, यदि गोठान बंद नहीं किए जाते, तो आज ये गायें सुरक्षित होतीं। बीते सवा साल में यह कोई पहली घटना नहीं है। राज्य सरकार की लापरवाही से राजधानी के कन्हेरा गांव में 50 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है।
वर्जन
गर्मी बढऩे के साथ चारे और पानी की समस्या बढ़ जाती है। हमारी सरकार घुमंतू गायों के लिए 'गौ-अभ्यारण्यÓ की योजना पर काम कर रही है। गाय पालकों से अनुरोध है कि वे अपने पशुओं की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।
राम विचार नेताम, कृषि मंत्री
वर्जन
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम की मदद से सभी मृत गायों को दफनाया गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गायों की मौत वेस्ट फूड मटेरियल खाने से हुई है। घटनास्थल के आसपास कई फैक्ट्रियां हैं, जहां से यह वेस्ट मटेरियल फेंका गया हो सकता है। जांच के लिए टीम गठित की जा रही है।
भेखलाल चंद्राकर, थाना प्रभारी, उरला