शिवपुरी में सड़क किनारे खड़े ऑटो पर ट्रक पलटने से नवविवाहित दंपति सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद हत्या के आरोप भी सामने आए हैं, पुलिस जांच में जुटी है।
शिवपुरी: शिवपुरी जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली। सड़क किनारे खड़े ऑटो पर अचानक ट्रक पलटने से नवविवाहित दंपति सहित चार लोग उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शादी के दूसरे दिन ही उजड़ गई खुशियां
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी 25 वर्षीय वीरेंद्र शाक्य की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य से हुई थी। शादी के बाद शनिवार को दूल्हा-दुल्हन अपने परिवार के साथ ऑटो में सवार होकर गांव लौट रहे थे।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
घटना सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई। ऑटो कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुका हुआ था, तभी मुर्गी दाना से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार दूल्हा-दुल्हन, उनकी मां और बहन ट्रक के नीचे दब गए।
अस्पताल में मृत घोषित
स्थानीय लोगों और पुलिस ने जेसीबी की मदद से रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। बीएल यादव ने बताया कि अस्पताल लाए जाने पर सभी की मौत हो चुकी थी। शाक्य परिवार में जहां शादी की खुशियां थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है। जिस घर में शहनाई गूंज रही थी, वहां अचानक सन्नाटा छा गया है।
CCTV
हत्या के आरोप से मामला हुआ गंभीर
हादसे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक दुल्हन की मां फूलवती और परिजनों ने दुल्हन के पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के दौरान दुल्हन के पिता द्वारा जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। उन्होंने आशंका जताई है कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश हो सकती है। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों के साथ-साथ हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है।