मध्य प्रदेश के सागर में गत्ता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। 10 से अधिक दमकल और आर्मी की फायर टीम ने करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक गत्ता (पुट्ठा) फैक्ट्री में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए सेना की मदद लेनी पड़ी। बहेरिया थाना क्षेत्र के चनाटोरिया इलाके में रविवार देर रात लगी आग पर करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। आग बुझाने के लिए 10 से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया।
10 फीट ऊंची लपटें
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 2:30 बजे चनाटोरिया स्थित पुट्ठा (पेपर गत्ता) बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं.लपटें देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
आग बढ़ने पर बुलानी पड़ी आर्मी
आग लगातार फैलती जा रही थी, जिसके चलते मकरोनिया नगर पालिका, सागर नगर निगम और शाहपुर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड टीमों को भी मौके पर बुलाया गया.हालांकि आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके बाद सेना को सूचना दी गई। इसके बाद आर्मी की फायर फाइटर टीम मौके पर पहुंची और दमकल दलों के साथ मिलकर आग बुझाने का मोर्चा संभाला.करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 10 से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों और सेना की टीम ने मिलकर आग पर काबू पा लिया।
सुबह तक धधकता रहा मलबा
हालांकि मुख्य आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन फैक्ट्री परिसर में पड़ा कचरा और मलबा सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे तक धधकता रहा। इसके बाद मौके पर जेसीबी मशीन बुलाकर मलबा हटाया गया।दमकल कर्मियों ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर आग को पूरी तरह बुझाने का काम जारी रखा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आगजनी का पंचनामा तैयार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में फैक्ट्री में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।हालांकि फैक्ट्री संचालक को इस आगजनी में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी किया जा रहा है।