रीवा में बीहर पुल क्षतिग्रस्त होने से 15 किमी लंबा जाम। हजारों वाहन फंसे, ट्रक ड्राइवर भूखे-प्यासे परेशान।
रीवा में बीहर नदी पर बने पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बुधवार रात 9 बजे से शुरू हुआ जाम गुरुवार दोपहर तक जारी रहा। बेला बायपास और उससे जुड़े मार्गों पर करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ था, जिसमें हजारों वाहन फंस गए।
भूखे-प्यासे फंसे ट्रक चालक
जाम में फंसे ट्रक चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई ड्राइवर रातभर से बिना खाना-पानी के सड़क पर खड़े रहे। एक चालक ने बताया कि रात से गाड़ी आगे नहीं बढ़ रही है और हालात बेहद खराब हैं। दूसरे चालक ने कहा कि मौके पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहा।
पुल की खराब स्थिति बनी वजह
जानकारी के अनुसार, बीहर नदी पर बना करीब 20 साल पुराना पुल अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक, पुल के पास चल रहे निर्माण कार्य और जमीन धंसने के कारण संरचना कमजोर हो सकती है। निर्माण गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

प्रशासन और पुलिस आमने-सामने
स्थिति को लेकर अधिकारियों के बीच भी मतभेद सामने आए। ट्रैफिक डीएसपी ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस पर्याप्त सहयोग नहीं कर रही, जिससे जाम की स्थिति और बिगड़ गई। पुल बंद होने के बाद प्रयागराज, वाराणसी और अन्य शहरों की ओर जाने वाले वाहनों को मैहर-सतना-चित्रकूट मार्ग पर डायवर्ट किया गया। इससे इन मार्गों पर भी ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया।
राहत के प्रयास जारी
प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास करती रहीं। भारी वाहनों को धीरे-धीरे डायवर्ट किया गयाहै, लेकिन स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में अभी समय लग सकता है। लंबे जाम और सड़क पर खड़े वाहनों के कारण छोटे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई।