रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव 2026 का शुभारंभ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- जवानों के लिए फल, सब्जी और अनाज स्थानीय किसानों से खरीदे जाएंगे, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को रायसेन के दशहरा मैदान में कहा कि सैनिक छावनियों के लिए फल, सब्जियां और अनाज स्थानीय किसानों से खरीदने का निर्णय लिया गया है। इससे जवानों को ताजे फल, सब्जियां और अनाज मिलेंगे तथा स्थानीय किसानों को लाभ होगा।
रक्षा मंत्री रायसेन में शनिवार से प्रारंभ हुए राष्ट्रीय स्तर के ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ 2026 मेले का शुभारंभ करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे। यह मेला 13 अप्रैल तक चलेगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि जवानों के भोजन में मोटे अनाज को शामिल करने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि किसान देश के निर्माण और सेवा क्षेत्र का आधार हैं। केंद्र सरकार कृषि की उन्नति के लिए जो भी बेहतर होगा, उसे करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदेश के लिए शुभंकर हैं राजनाथ: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हाथों कुछ दिन पहले ही मध्यप्रदेश में बीईएमएल के पहले रेल कारखाने का भूमि-पूजन हुआ है और आज वे किसानों को अपना मार्गदर्शन देने आए हैं। उन्होंने कहा कि श्री राजनाथ सिंह मध्यप्रदेश के लिए शुभंकर केंद्रीय मंत्री हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की अलग पहचान बन रही है। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान देश में कृषि क्षेत्र की सफलता की पहचान बन चुके हैं। खेत के श्रमवीर किसानों और सीमा पर शूरवीर जवानों के सम्मान में यह आयोजन उनकी गरिमा को बढ़ाने वाला है।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकबा भी तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2002-03 में जहां मात्र साढ़े सात लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध थी, वहीं अब इसमें लगातार वृद्धि हो रही है।
किसानों के विकास का महायज्ञ: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज रायसेन की पवित्र धरा पर ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान और कृषि का संगम हो रहा है। यह किसानों के लिए एक पाठशाला की तरह है, जहां उन्हें कृषि की नवीन तकनीकें सीखने का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए कृषि का विकास आवश्यक है। हमारे लिए किसान ही भगवान हैं और किसानों की सेवा ही हमारी पूजा है। देश में किसानों के विकास का महायज्ञ चल रहा है।