बीना यार्ड रीमॉडलिंग के बीच कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस का बड़काकाना की जगह रांची रोड स्टेशन पर अस्थायी ठहराव भी दिया गया है।
भोपाल। सितंबर और अक्टूबर 2026 में बीना होकर ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशन यार्ड में चल रहे रीमॉडलिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारु संचालन को देखते हुए कुछ ट्रेनों को रद्द करने, कुछ का मार्ग बदलने और कुछ ट्रेनों का संचालन दूसरे स्टेशनों से करने का फैसला लिया है।
आगासौद-बीना के बीच तीसरी रेल लाइन को बीना स्टेशन से जोड़ने के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है। इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का काम अलग-अलग चरणों में किया जाएगा।
तीन चरणों में होगा यार्ड का काम
पश्चिम मध्य रेलवे के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के मुताबिक बीना यार्ड में यह काम तीन चरणों में किया जा रहा है। पहला चरण 14 अगस्त से 31 अगस्त तक, दूसरा चरण 1 सितंबर से 12 अक्टूबर तक और तीसरा चरण 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा।
काम के दौरान 16 ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि 48 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। इसके अलावा 12 ट्रेनों का संचालन दूसरे स्टेशनों से होगा। पांच ट्रेनें मालखेड़ी बायपास होकर चलेंगी, जबकि 21 ट्रेनों के बीना स्टेशन पर ठहराव का समय अस्थायी रूप से कम किया गया है।
सितंबर-अक्टूबर में इन ट्रेनों को किया गया निरस्त
रेल प्रशासन ने कई ट्रेनों को निर्धारित अवधि में पूरी तरह निरस्त करने का निर्णय लिया है। इनमें 12197/98 भोपाल-ग्वालियर ट्रेन 1 से 15 अक्टूबर तक शामिल है।
11086/85 ग्वालियर से 2 और 9 अक्टूबर तथा एसएमवीटी बेंगलुरु से 4 और 11 अक्टूबर को निरस्त रहेगी। 64618/64617 ललितपुर-बीना सेवा 20 से 26 सितंबर तक बंद रहेगी।
61611/66612 बीना-रूठियाई और 61625/26 बीना-रूठियाई ट्रेनें 30 सितंबर से 16 अक्टूबर तक निरस्त रहेंगी। 61619/20 बीना-कटनी मुड़वारा ट्रेन 21 सितंबर और 28 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावित रहेगी।
इसके अलावा 22169/70 रानी कमलापति-संतरागाछी ट्रेन 14 और 15 अक्टूबर को तथा 22161/62 भोपाल-दमोह ट्रेन 9 से 15 और 10 से 16 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी।
48 ट्रेनों का बदलेगा रास्ता
बीना होकर गुजरने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों को निर्धारित तारीखों पर वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें 01025/26 दादर-बलिया, 01027/28 दादर-गोरखपुर, 19165/66 अहमदाबाद-दरभंगा, 19167 अहमदाबाद-बलिया और 19168 वाराणसी-अहमदाबाद शामिल हैं।
इसके अलावा 09465/66 अहमदाबाद-दरभंगा, 15045/46 गोरखपुर-ओखा, 19053/54 सूरत-मुजफ्फरपुर, 11704/03 डॉ. अंबेडकर नगर-रीवा, 22911/12 इंदौर-हावड़ा, 11465/66 वेरावल-जबलपुर और 15560 अहमदाबाद-दरभंगा भी परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।
इस सूची में 22829/30 भुज-शालीमार, 19413/14 अहमदाबाद-कोलकाता, 19421/22 अहमदाबाद-पटना, 19091/92 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर, 19489/90 अहमदाबाद-गोरखपुर और 11071/72 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया जैसी ट्रेनें भी शामिल हैं।
इसके अलावा 12185/86 रीवा-रानी कमलापति, 13025/26 हावड़ा-भोपाल, 11631/32 भोपाल-धनबाद, 11633/34, 22165/22166 भोपाल-सिंगरौली, 20482/81 तिरुचिरापल्ली-भगत की कोठी और 14814/13 भोपाल-जोधपुर भी निर्धारित अवधि में बदले हुए मार्ग से संचालित होंगी।
हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस का रांची रोड पर अस्थायी ठहराव
रेल प्रशासन ने 13025/13026 हावड़ा-भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस के ठहराव में भी अस्थायी बदलाव किया है। बड़काकाना स्टेशन के स्थान पर पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल के रांची रोड स्टेशन पर इस ट्रेन को अगले आदेश तक ठहराव दिया गया है। 13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस 19 अक्टूबर 2026 से रांची रोड पर 19:10 बजे पहुंचेगी और 19:15 बजे रवाना होगी। वहीं 13026 भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस के लिए रांची रोड पर 15 अक्टूबर 2026 से आगमन 06:50 बजे और प्रस्थान 06:55 बजे निर्धारित किया गया है।
कुछ ट्रेनों का स्टेशन बदला
यार्ड कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को बीना की जगह दूसरे स्टेशनों से शुरू या समाप्त किया जाएगा। 18236/35 बिलासपुर-भोपाल, 11602/01 कटनी-बीना और 11603/04 कोटा-बीना समेत कुछ सेवाओं के संचालन में बदलाव रहेगा।
61633 कोटा-बीना सवारी सेवा 29 सितंबर से 15 अक्टूबर तक मूंगावली स्टेशन तक चलेगी। वहीं 11604 बीना-कोटा, 61631 भोपाल-बीना, 11606/05 भोपाल-बीना और 61632 बीना-भोपाल सेवाएं मंडी बामोरा तक आएंगी और वहीं से वापस रवाना होंगी।
बिना रुके बीना स्टेशन पार करेंगी कुछ ट्रेनें
कुछ ट्रेनों का बीना स्टेशन पर ठहराव पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। 51884/85 ग्वालियर-बीना, 51886 दमोह-बीना, 51883 बीना-ग्वालियर, 19341 नागदा-बीना और 19342 बीना-नागदा जैसी ट्रेनें बीना स्टेशन पर बिना रुके गुजरेंगी।
इन ट्रेनों का ठहराव भी घटाया गया
यार्ड रीमॉडलिंग के चलते कुछ ट्रेनों के बीना स्टेशन पर रुकने का समय भी कम किया गया है। चयनित ट्रेनों का 10 मिनट का ठहराव घटाकर 2 मिनट किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का 5 मिनट का ठहराव भी सिर्फ 2 मिनट रहेगा।
प्रमुख ट्रेनों में 14115/16 डॉ. अंबेडकरनगर-प्रयागराज, 15029 गोरखपुर-पुणे, 19322 राजेंद्र नगर-इंदौर, 19314/13 पटना-इंदौर, 12593 लखनऊ-भोपाल, 22586/85 गांधीनगर कैपिटल-बनारस और 19306 कामाख्या-डॉ. अंबेडकर नगर शामिल हैं।
इसके अलावा 14320 बरेली-इंदौर, 14813 जोधपुर-भोपाल, 20413 वाराणसी-इंदौर, 20415/14 वाराणसी-इंदौर, 12943/44 वलसाड-कानपुर सेंट्रल, 19321/22 इंदौर-पटना, 19305 डॉ. अंबेडकर नगर-कामाख्या और 11086 ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु के ठहराव में भी बदलाव रहेगा।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि सितंबर और अक्टूबर 2026 में बीना होकर यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। यात्रियों को ट्रेन के रूट, ठहराव और प्रारंभ या अंतिम स्टेशन में हुए बदलाव की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
ट्रेनों की समय-सारणी और ठहराव की विस्तृत जानकारी यात्री NTES, 139, रेलवन, आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।