Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

Rahul Gandhi Indore Student Event

Chhatron ki Goonj: राहुल गांधी की इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, शहर में बढ़ी सियासी हलचल

राहुल गांधी के 12 सितंबर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले इंदौर में कांग्रेस की तैयारियां तेज हो गई हैं। इवेंट टीम आज पहुंचेगी और कल हरीश चौधरी की मौजूदगी में बड़ी बैठक होगी।


chhatron ki goonj राहुल गांधी की इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शहर में बढ़ी सियासी हलचल

Rahul Gandhi Chhatron ki Goonj Program |

अनुराग तागड़े, इंदौर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 12 सितंबर को प्रस्तावित इस बड़े छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम से पहले आज शाम आयोजन की व्यवस्थाएं संभालने वाली इवेंट मैनेजमेंट टीम के प्रमुख लोग इंदौर पहुंचने वाले हैं। इसके बाद मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें कार्यक्रम की जिम्मेदारियों, आयोजन स्थल और युवाओं को जोड़ने की रणनीति पर अंतिम रूप से मंथन होने की संभावना है।

राहुल गांधी के इंदौर दौरे को कांग्रेस मध्यप्रदेश में युवाओं और विशेष रूप से जेन-जी तक पहुंच बनाने के बड़े राजनीतिक अवसर के रूप में देख रही है। पार्टी की योजना इंदौर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने की है। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार कांग्रेस करीब 50 हजार छात्रों और युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य लेकर तैयारियों में जुटी है।

आज से जमीन पर शुरू होगी आयोजन की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, आज शाम इंदौर पहुंचने वाली इवेंट मैनेजमेंट टीम स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ कार्यक्रम की तकनीकी और व्यवस्थागत तैयारियों का जायजा लेगी। मंच, साउंड सिस्टम, एंट्री और एग्जिट प्लान, युवाओं के बैठने की व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित आयोजन के पूरे स्वरूप पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस पहले ही संकेत दे चुकी है कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक पारंपरिक राजनीतिक सभा नहीं होगी, बल्कि इसे युवाओं के साथ सीधे संवाद के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है।

कल हरीश चौधरी की मौजूदगी में तय होंगी जिम्मेदारियाँ

कल होने वाली बैठक को कार्यक्रम की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, इंदौर और आसपास के जिलों के प्रमुख कांग्रेस नेता तथा संगठन से जुड़े पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपने, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों तक पहुंच बनाने तथा विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन अभियान को गति देने पर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस पहले ही 2 सितंबर के बाद छात्र रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू करने की तैयारी का संकेत दे चुकी है।

नेहरू स्टेडियम पर अभी भी फैसला अहम

कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। कांग्रेस ने इंदौर नगर निगम से बड़े नेहरू स्टेडियम के उपयोग की अनुमति मांगी है, लेकिन अनुमति को लेकर स्थिति अभी निर्णायक नहीं है। यदि स्टेडियम उपलब्ध नहीं होता है तो कांग्रेस के सामने अन्य विकल्पों पर विचार किया जा सकता है।

भाजपा ने भी शुरू किया राजनीतिक हमला

इधर, राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने भी कांग्रेस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। भाजपा के इंदौर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम की तैयारियों और इसमें 50 हजार युवाओं को जुटाने के कांग्रेस के लक्ष्य पर सवाल खड़े किए हैं।पत्र में भाजपा की ओर से कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, भोजन, पार्किंग और इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी को लेकर कांग्रेस से जवाब मांगा गया है। भाजपा ने राहुल गांधी को लेकर वैचारिक और राजनीतिक हमला भी किया है।भाजपा के इस पत्र के बाद साफ है कि राहुल गांधी का इंदौर दौरा केवल कांग्रेस का छात्र संपर्क कार्यक्रम नहीं रहने वाला, बल्कि आने वाले दिनों में कांग्रेस और भाजपा के बीच बड़ा राजनीतिक मुद्दा भी बन सकता है।

इंदौर पर क्यों खास नजर?

इंदौर को मध्यप्रदेश का प्रमुख शिक्षा और कोचिंग हब माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं। कांग्रेस इसी युवा वर्ग से सीधा संवाद कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।12 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि कांग्रेस इसे केवल इंदौर तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसके जरिए प्रदेशभर के युवाओं तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने की कोशिश करेगी।अब सबकी नजर आज शाम इंदौर पहुंचने वाली इवेंट टीम और कल हरीश चौधरी की मौजूदगी में होने वाली कांग्रेस की बैठक पर रहेगी। इन दोनों गतिविधियों के बाद राहुल गांधी के कार्यक्रम की तस्वीर, आयोजन स्थल और कांग्रेस की जमीनी रणनीति काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है।

Related to this topic: