प्रयागराज में इंटर छात्र ने मैथ परीक्षा से पहले फांसी लगाई। आखिरी कॉल में दोस्त से डर जाहिर किया। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी।
प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से बोर्ड एग्जाम के बीच चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां इंटरमीडिएट (12वीं) के एक 17 वर्षीय छात्र ने गणित की परीक्षा से कुछ घंटे पहले फांसी लगाकर जान दे दी। घटना सोमवार सुबह की है। परिवार के अनुसार, उसने परीक्षा से पहले अपने एक दोस्त को फोन कर कहा था कि उसे मैथ से बहुत डर लग रहा है और वह समझ नहीं पा रहा कि पेपर कैसे देगा। इसके कुछ समय बाद उसने यह कदम उठा लिया। घटना मुंडेरा इलाके की है, जो धूमनगंज थाना क्षेत्र में आता है।
आखिरी कॉल में जताया था डर
परिजनों के अनुसार, समीर (17) का सोमवार दोपहर 2:30 बजे गणित का पेपर था। वह पिछले कई दिनों से इस विषय को लेकर तनाव में था। चचेरे भाई के अनुसार, रविवार रात भी वह देर तक पढ़ाई करता रहा। सुबह उसने अपने एक करीबी दोस्त को फोन कर कहा कि उसे गणित समझ नहीं आ रहा और वह परीक्षा को लेकर घबराया हुआ है। दोस्त ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद फोन कट गया।
सुबह मां ने देखा तो उड़े होश
सोमवार सुबह करीब सात बजे मां उसे जगाने के लिए कमरे में गईं। कई बार आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर दरवाजा खोला गया तो समीर फांसी के फंदे से लटका मिला। परिवार के लोग उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की कोशिश में जुटे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
10वीं में रहा था स्कूल टॉपर
समीर पढ़ाई में मेधावी छात्र था। उसने 10वीं कक्षा में अपने स्कूल में टॉप किया था। अन्य विषयों में उसकी पकड़ मजबूत बताई जा रही है, लेकिन गणित को लेकर वह अक्सर दबाव में आ जाता था। वह मुन्नी देवी इंटर कॉलेज का छात्र था और आगे चलकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहता था। पिता जय सिंह मुंडेरा मंडी में किराने की छोटी दुकान चलाते हैं। समीर दो भाइयों में बड़ा था, छोटा भाई पांचवीं में पढ़ता है।
कॉल हिस्ट्री से खुला राज
घटना के बाद जब मोबाइल की कॉल हिस्ट्री देखी गई तो आखिरी डायल नंबर उसी दोस्त का मिला, जिससे उसने डर जाहिर किया था। पुलिस ने दोस्त से भी बातचीत की है और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नोटः यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या डिप्रेशन से गुजर रहा है, तो चुप न रहें। परिवार, मित्र या मेडिकल एक्सपर्ट से बात करें। जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं की मदद लें। समय पर बातचीत कई जिंदगियां बचा सकती है।