रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की कार्रवाई में पीआरए और बर्बरीक ग्रुप से जुड़े कारोबारियों के रायपुर स्थित 18 बैंक लॉकरों से करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी और कीमती आभूषण मिले हैं। इस बरामदगी के बाद विभाग ने समूह से जुड़े कारोबारियों के वित्तीय रिकॉर्ड, कर भुगतान और घोषित आय के स्त्रोतों की गहन जांच शुरू कर दी है।
चार राज्यों के 50 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी
इससे पहले आयकर विभाग की टीमों ने पीआरए और बर्बरीक समूह के कारोबारियों और उनसे जुड़ी संस्थाओं पर बड़ा तलाशी अभियान चलाया था। अधिकारियों ने देश के चार राज्यों में कुल 50 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई अहम डिजिटल रिकॉर्ड विभाग ने अपने नियंत्रण में लिए थे। अब एक्सपर्ट टीम इनकी बारीकी से जांच कर रही है, ताकि कारोबारियों की वास्तविक आय और घोषित संपत्ति के बीच की विसंगतियों को चिह्नित किया जा सके।
रायपुर के बैंकों में खुलवाए गए 18 लॉकर
छापेमारी के बाद विभाग ने राजधानी रायपुर के अलग-अलग बैंकों के 18 लॉकर खुलवाए। तलाशी के दौरान अधिकारियों को करीब 20 करोड़ रुपये के बहुमूल्य सोने-चांदी के गहने मिले। अधिकारी अभ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इन आभूषणों का असली मालिक कौन है और इनकी खरीद किस आय से की गई। इसके लिए गहनों की खरीद के पक्के बिल, भुगतान और संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
बहीखातों और आयकर रिटर्न से हो रहा मिलान
विभाग की टीम बरामद आभूषणों की सूची का मिलान समहू के बही-खातों और पिछले आयकर रिटर्न से कर रही है। अधिकारी देख रहे हैं कि इन संपत्तियों की जानकारी कर विवरणियों में दी गई थी या नहीं। साथ ही आभूषणों की खरीद पर लागू कर नियमों के पालन की स्थिति भी परखी जा रही है।
आगे क्या होगा अब
जांच एजेंसी का पूरा ध्यान अब बैंक लॉकरों, जब्त वित्तीय दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरों से मिले डेटा के विश्लेषण पर है। विभाग का मकसद घोषित संपत्ति और असल बरामदगी के अंतर को सामने लाकर नियमों के मुताबिक कार्रवाई करना है।