भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चार सितंबर को होने वाले पर्व पर मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए....
Sitapur Janmashtami Police Alert: जन्माष्टमी पर 1,800 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, 350 कैमरों से होगी निगरानी |
हिमांशु सिंह,सीतापुर: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चार सितंबर को होने वाले पर्व पर मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले के सभी 28 थाना क्षेत्रों में दो एएसपी, सात सीओ और 1,800 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें 700 से अधिक महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं।
प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। महिलाओं की अधिक भीड़ वाले मंदिरों में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
350 से अधिक कैमरों से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के लिए ईगल कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाएगा। जिले में लगे 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से प्रमुख स्थानों की निगरानी होगी। इसके अलावा निजी प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की भी मदद ली जाएगी। भीड़भाड़, संदिग्ध गतिविधियों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
फायर टेंडर और अस्पताल भी अलर्ट
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया गया है। सीतापुर शहर के अग्निशमन केंद्र पर दो फायर टेंडर तैनात रहेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में तहसील स्तर पर भी फायर टेंडर उपलब्ध रहेंगे, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर तत्काल घटनास्थल पर भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला अस्पताल में भी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आपात स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
एसपी आलोक सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।