गोरखपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई.पूजा-अर्चना के बाद नितिन नवीन ने मंदिर परिसर में नाश्ता किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के आवास जाएंगे
गोरखनाथ मंदिर से निकलने के बाद नितिन नवीन केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के आवास पहुंचेंगे। यहां करीब 20 मिनट रुकने के बाद वह एनेक्सी भवन जाएंगे। भाजपा के पूर्व पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक प्रस्तावित है।इस बैठक में गोरखपुर क्षेत्र के विभिन्न जिलों के पिछले तीन कार्यकाल के जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक करीब दो घंटे तक चलेगी। इसमें संगठन की गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ भी बैठक
नितिन नवीन इसके बाद पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों, पूर्व ब्लॉक प्रमुखों और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। यह बैठक करीब सवा घंटे तक चलेगी.दोपहर 12:30 बजे से गोरखपुर क्षेत्र के पदाधिकारियों, क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारियों और पूर्व जिलाध्यक्षों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। उनके इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।