दतिया उपचुनाव के बीच नरोत्तम मिश्रा ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने नाराजगी और पार्टी छोड़ने की अटकलों पर खुलकर बयान दिया।
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में होने वाले उपचुनाव में टिकट को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया। भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम कटने से समर्थक नाराज हो गए और सड़क के प्रदर्शन करने लगे। वहीं, राजनीतिक गलियारों में चर्चा के बीच नरोत्तम मिश्रा ने दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस बैठक को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन मुलाकात के बाद मिश्रा ने साफ कहा कि उनका पार्टी से कोई मतभेद नहीं है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह न कभी भाजपा से नाराज थे, न हैं और न ही आगे कभी नाराज होंगे। उन्होंने यह भी माना कि कुछ समय के लिए भावनात्मक प्रतिक्रिया जरूर हुई थी, लेकिन अब वह पूरी तरह सामान्य है।
पार्टी छोड़ने की अटकलों पर विराम
दिल्ली में मुलाकात के बाद नरोत्तम मिश्रा ने दूसरी पार्टी में जाने की चर्चाओं को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन भाजपा से जुड़ा है और भविष्य भी इसी दल के साथ रहेगा। उन्होंने कहा, "भाजपा में ही मेरा जन्म हुआ है और भाजपा में ही रहूंगा।" इस बयान के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर काफी हद तक विराम लग गया है।
बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में उतरे मिश्रा
नरोत्तम मिश्रा ने दतिया उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के समर्थन की अपील भी की। उन्होंने आशुतोष तिवारी को सक्षम उम्मीदवार बताते हुए भरोसा जताया कि पार्टी इस सीट पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने दतिया के चुनावी मुकाबले को "राजा और फकीर की लड़ाई" बताते हुए दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार को जनता का समर्थन मिलेगा।
भोपाल की बैठक से भी गया था एक संदेश
दिल्ली रवाना होने से पहले नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाकात की थी। बैठक के बाद हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा पार्टी के वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं तथा उनके मार्गदर्शन में भाजपा दतिया उपचुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दतिया में कार्यकर्ताओं के इस्तीफे स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उपचुनाव का पूरा शेड्यूल
दतिया उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।