नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर टवेरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई और 6-7 लोग घायल हो गए। सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। घायलों का इलाज जारी है।
नर्मदापुरम जिले में नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। आंचलखेड़ा के पास टवेरा वाहन और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से 7 लोग घायल हुए हैं।
शादी से लौट रहे थे सभी यात्री
जानकारी के अनुसार, टवेरा सवार सभी लोग बुधनी में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव महेंद्रवाड़ी और माखननगर लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे यह हादसा हुआ, जब वाहन आंचलखेड़ा के पास पहुंचे।
ट्रॉली से टकराई टवेरा, वाहन के उड़े परखच्चे
पुलिस के मुताबिक, क्रॉसिंग के दौरान टवेरा की टक्कर सामने से आ रही अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के साइड हिस्से से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टवेरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जिन लोगों की मौत हुई उनकी पहचान इस प्रकार की गई है—
-
शुभम मोरप्पा (18), महेंद्रवाड़ी
-
विनीत यादव (22), महेंद्रवाड़ी
-
साहिल यादव (19), महेंद्रवाड़ी
-
हरि सिंह (57), महेंद्रवाड़ी
-
संतोष प्रजापति, माखननगर (ठाकुर मोहल्ला)
घायलों में भी अधिकांश लोग महेंद्रवाड़ी और माखननगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।