मध्यप्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी पड़ने लगी है। कई शहरों में तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है और रतलाम में पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत ही तेज गर्मी के साथ हुई है। आमतौर पर महीने के दूसरे पखवाड़े में गर्मी बढ़ती है, लेकिन इस बार पहले ही हफ्ते में तापमान तेजी से ऊपर चला गया। कई शहरों में पारा सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। रविवार को रंगपंचमी के दिन प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप और गर्मी महसूस की गई। खासकर मालवा-निमाड़ के शहरों में गर्मी का असर ज्यादा रहा।
रतलाम में सबसे ज्यादा गर्मी
रविवार को प्रदेश में रतलाम सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, नर्मदापुरम में 38.1 डि ग्री, गुना और सागर में 37.4 डिग्री, जबकि श्योपुर में 37 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
पांच बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में तापमान 36.7 डिग्री, ग्वालियर में 36.5 डिग्री, इंदौर में 35.8 डिग्री, भोपाल में 34.8 डिग्री और जबलपुर में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी शहरों में भी तापमान 32 डिग्री से ऊपर ही रहा।
हवा की दिशा बदली, इसलिए बढ़ी गर्मी
प्रदेश में तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है और अगले 4 से 5 दिन तक मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी बढ़ने की बड़ी वजह हवा की दिशा में बदलाव है। अभी हवा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही है। इसके साथ ही हवा में नमी काफी कम है और रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश में तापमान बढ़ा रही हैं।
मार्च में ही 40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मार्च के पहले ही पखवाड़े में कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
दोपहर में धूप से बचने की सलाह
तेज गर्मी को देखते हुए मौसम केंद्र भोपाल ने लोगों के लिए कुछ सावधानियां भी जारी की हैं-
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें।
हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें।
धूप में निकलते समय सिर और चेहरा ढककर रखें।
बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का खास ध्यान रखें।
अप्रैल-मई में चल सकती है लू
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मार्च में भले ही गर्मी बढ़ रही है, लेकिन लू चलने की संभावना अभी नहीं है। हालांकि अप्रैल और मई में प्रदेश के कई हिस्सों में 15 से 20 दिन तक लू चलने की संभावना जताई गई है। उस समय ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल, सागर और जबलपुर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार भी जा सकता है।
फरवरी में चार बार बदला मौसम
इस साल फरवरी में मौसम ने कई बार करवट ली। महीने में चार बार ओले, बारिश और आंधी का दौर देखने को मिला। इन मौसम बदलावों से फसलों को भी नुकसान हुआ था और इसके बाद सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे भी कराया। अब मार्च की शुरुआत में ही बढ़ती गर्मी ने लोगों को फिर से मौसम के बदले मिजाज का अहसास करा दिया है।