मध्य प्रदेश के 17 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में आंधी से पेड़ उखड़े, कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भोपाल, ग्वालियर समेत प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 17 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।भोपाल में तेज आंधी के चलते कोलार रोड सहित कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए। वहीं उमरिया और मुरैना में ओले गिरने से मौसम पूरी तरह बदल गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।
भोपाल-ग्वालियर समेत कई जिलों में बदला मौसम
गुरुवार को भोपाल, ग्वालियर, सतना, श्योपुर, टीकमगढ़, रायसेन, बालाघाट, छतरपुर, मुरैना, सागर, पन्ना, मैहर, उमरिया और रीवा समेत 15 से ज्यादा जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हुई।कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। देर रात तक कई शहरों में बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट महसूस की गई।
आज इन 17 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में आंधी-बारिश और ओलों का अलर्ट जारी किया है।वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, खरगोन, देवास, सागर, जबलपुर और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा, हालांकि शाम के समय तेज हवाएं चल सकती हैं।
2 मई से एक्टिव होगा नया सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देगा।इसी वजह से मई की शुरुआत में प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल रहा है, जबकि आमतौर पर इस महीने भीषण गर्मी पड़ती है।
मौसम विभाग की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। विभाग ने पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है।तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील भी की गई है।