मध्य प्रदेश में पुलिस प्रशासन के भीतर बड़ा बदलाव किया गया है। गृह विभाग ने एक IPS अधिकारी समेत राज्य पुलिस सेवा के 25 अफसरों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के SDOP, DSP और ACP स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। नरसिंहपुर, जबलपुर, भोपाल, इंदौर, रीवा और उज्जैन समेत कई शहरों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
गृह विभाग की ओर से 23 नवंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस बदलाव में मैदानी स्तर पर तैनात अधिकारियों के साथ पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अफसरों को भी नई जगह भेजा गया है।
शुभम सिंह ठाकुर को गोटेगांव भेजा
तबादला सूची में नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में पदस्थ IPS अधिकारी शुभम सिंह ठाकुर का नाम भी शामिल है। उन्हें गोटेगांव का SDOP बनाया गया है। वहीं, मंडला जिले के शाहपुर में SDOP के पद पर तैनात अजय तिवारी को गाडरवारा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इस बदलाव के साथ नरसिंहपुर जिले के पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना में भी फेरबदल हुआ है।
जबलपुर, भोपाल और इंदौर में बदली जिम्मेदारियां
जबलपुर में यातायात DSP के रूप में काम कर रहे संतोष कुमार शुक्ला को नर्मदापुरम में यातायात DSP नियुक्त किया गया है। नर्मदापुरम में पदस्थ संतोष मिश्रा को सतना भेजा गया है।जबलपुर में महिला सुरक्षा DSP की जिम्मेदारी संभाल रहे आशीष जैन को पन्ना जिले के अजयगढ़ में SDOP बनाया गया है।भोपाल में भी अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। पुलिस मुख्यालय में तैनात नम्रता सोंधिया को राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में SDOP बनाया गया है। वहीं, नवीन तिवारी को भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) की जिम्मेदारी दी गई है।इंदौर में अपूर्वा किलेदार को महिला सुरक्षा शाखा से हटाकर कोतवाली क्षेत्र में ACP नियुक्त किया गया है। जबकि नीलम कनोज का इंदौर से देवास तबादला किया गया है।
रीवा, नर्मदापुरम और उज्जैन में भी नई पोस्टिंग
रीवा संभाग में भी पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। छिंदवाड़ा में पदस्थ सुनील कुमार वरकडे को रीवा जिले के डभौरा में SDOP बनाया गया है। प्रिया सिंह को रीवा के त्योथर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।जबलपुर STF में DSP के पद पर तैनात विक्रम रजक को नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में SDOP नियुक्त किया गया है।उज्जैन जिले में भी तीन अधिकारियों को नई जगह भेजा गया है। दिनेश प्रजापति को महिदपुर, विवेक कनोडिया को तराना और कमल निगवाल को नागदा में पदस्थ किया गया है।गृह विभाग के इस आदेश के बाद प्रदेश के अलग-अलग पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की पदस्थापना होगी। अब संबंधित अधिकारियों के नई जगह कार्यभार संभालने पर निगाहें रहेंगी।