मध्यप्रदेश के 68 कॉलेजों में जुलाई से AI और FinTech with AI सर्टिफिकेट कोर्स शुरू होंगे। IIT दिल्ली के सहयोग से चलने वाले इन कोर्स में छात्रों को आधुनिक तकनीकी स्किल्स सिखाई जाएंगी।
भोपाल। मध्यप्रदेश के 68 शासकीय महाविद्यालयों में जुलाई से शुरू हो रहे शैक्षणिक सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फिनटेक विथ एआई के सर्टिफिकेट कोर्स शुरू हो रहे हैं। खास बात ये हैकि ये पाठ्यक्रम आईआईटी दिल्ली के सहयोग से संचालित होंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य छात्रों को रोजगार-उन्मुख आधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान करना है।
इस कोर्स के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। एआई और फिनटेक आधारित ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स का कुल अवधि 90 घंटे लगभग 3 महीने की होगी। विभाग के अनुसार इस कोर्स को 55 सरकारी प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और 13 निजी महाविद्यालय संचालित करेंगे। ऑनलाइन संचालित इस कोर्स में विद्यार्थियों को आईआईटी दिल्ली पढ़ाएगी।
कोर्स में ये रहेगा खास
- प्रत्येक कॉलेज में इस कोर्स के लिए 8-8 सीटें उपलब्ध होंगी। पहले चरण में राज्य सरकार का लक्ष्य लगभग 2,000 छात्रों को प्रशिक्षित करना है।
- कोर्स में प्रवेश के लिए संबंधित कॉलेज में ही चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी। फीस और रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से नि:शुल्क है।
- छात्रों को सिर्फ 1,000 रुपये की सुरक्षा निधि ऑनलाइन जमा करनी होगी, जो पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद छात्र को वापस लौटा दी जाएगी।
- इस कोर्स के लिए कोई भी नियमित छात्र आवेदन कर सकता है। अपनी सामान्य डिग्री बीए, बीएससी, बीकॉम आदि के साथ-साथ इन एआई स्किल्स को भी सीख सकेगा।
- इस कोर्स में शामिल कॉलेजों में सभी 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन आदि के अलावा 13 स्वायत्त महाविद्यालय शामिल हैं।
क्या बोले उच्च शिक्षा विभाग मंत्री
उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग इस सत्र से ही पीएमश्री कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटीलिजेंस कोर्स शुरू कर रही है। ऑनलाइन इस को आईआईआईटी दिल्ली के सहयोग से पढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है। इस पाठ्यक्रम को लेकर निर्धारित कॉलेजों को दिशा-निर्देश दे दिए हैं।