एमपी बोर्ड ने कक्षा 10वीं-12वीं की दूसरी परीक्षा 2026 की तारीखें जारी कीं। अब फेल और पास दोनों छात्र शामिल हो सकेंगे। जानें आवेदन प्रक्रिया, तारीखें और नए नियम।
भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने कक्षा 10-12 वीं की दूसरी परीक्षा के लिए तारीखें घोषित कर दी है। इसके साथ ही परीक्षा प्रक्रिया में आंशिक बदलाव किया है। इसके तहत दूसरी परीक्षा में सभी फेल और पास विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। वही पहली परीक्षा में आए रिजल्ट को सुधारने छात्र फिर से किसी भी विषय में दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि पहली परीक्षा का परिणाम आने के सात दिनों के भीतर दूसरी परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।
बता दें कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने पूरक परीक्षा की पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। दो साल पहले हाईस्कूल में अधिकतम दो विषय और हायर सेकेंडरी में एक विषय में फेल छात्र ही पूरक परीक्षा दे सकते थे, लेकिन वर्ष 24-25 सत्र से द्वितीय वार्षिक परीक्षा देने का अवसर सभी छात्रों को दिया है।
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था में जो छात्र किसी विषय में अनुत्तीर्ण हैं, उनके लिए उस विषय की परीक्षा देना अनिवार्य होगा। वहीं, जो छात्र पास हैं, वे भी अपने अंक सुधारने के लिए स्वेच्छा से किसी भी विषय में शामिल हो सकते हैं। इस बदलाव से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। बता दें कि 12 वीं की द्वितीय परीक्षा 7 से 25 मई और 10 वीं की 7 मई से 19 मई तक होगी। सभी परीक्षाएं निर्धारित केंद्रों पर सुबह 9 से 12 बजे तक आयोजित होंगी।
रिजल्ट में बेहतर अंक होंगे मान्य
द्वितीय परीक्षा के बाद जारी की अंकसूची मुख्य परीक्षा की तरह ही होगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्र के मुख्य परीक्षा और द्वितीय परीक्षा में से जो भी बेहतर परिणाम होगा, वही अंतिम रूप से मान्य किया जाएगा। इसकी अंकसूची पहली परीक्षा की अंकसूची जैसे ही रहेगी।
ऐसे करना होगा आवेदन
एमपी बोर्ड की दूसरी परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद सात दिनों के भीतर आवेदन करना होगा। यह प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन कियोस्क के माध्यम से पूरी की जाएगी, जहां निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन किया जा सकेगा।