भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट ने 26 उड़ानों के लिए शीतकालीन समय-सारिणी की घोषणा कर दी है। नई समय सारिणी रविवार से लागू होगी। इसमें दिल्ली के लिए एयरइंडिया की शाम को अतिरिक्त उड़ान, रायपुर के लिए साप्ताहिक अतिरिक्त उड़ान के अलावा हैदराबाद के लिए अब 72 सीटर की जगह 186 सीटर वाली एयरबस को शामिल किया गया है।
नए निदेशक सुजीत कुमार पोद्दार ने बताया कि नए विंटर शेड्यूल के तहत कुछ उड़ानों के समय और शेड्यूल में आंशिक बदलाव किए गए हैं। विंटर समय-सारिणी में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, अहमदाबाद, रायपुर, पटना, रीवा और नोएडा जैसे शहरों के लिए उड़ान सेवाओं का समय में बदला गया है, वही रीवा के लिए एलायंस एयर की सेवाएं मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार तथा पटना के लिए सोमवार, बुधवार और रविवार को उड़ान सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस नए शेड्यूल से यात्रियों को अलग-अलग शहरों के लिए बेहतर विकल्प मिलेंगे।
दिसबंर से भोपाल से शारजाह के बीच अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट
निदेशक पोद्दार ने बताया कि भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से एक दिसंबर से भोपाल और शारजाह के बीच अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट का संचालन शुरू करने की तैयारी चल रही है। एअर इंडिया एक्सप्रेस इस सेवा का संचालन करेगी। इस सेवा के अंतिम समय और संचालन की जानकारी जल्द जारी कर दी जाएगी। इस सेवा से भोपाल और आसपास के यात्रियों को संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है। इससे व्यापार, पर्यटन और विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।