केंद्र सरकार ने ज्वाइंट सेक्रेटरी स्तर पर बड़े प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश कैडर के 5 IAS अधिकारियों को प्रमोट करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इन नियुक्तियों को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। इसके साथ ही केंद्र सरकार द्वारा 48 आईएएस अधिकारियों को जॉइंट सेक्रेटरी के रूप में नियुक्ति की गई है।
किन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
इस सूची में आईएएस प्रियंका दास, आईएएस तेजस्वी नायक, आईएएस पी नरहरी, आईएएस षणमुगा प्रिया मिश्रा और आईएएस गणेश शंकर मिश्रा शामिल हैं। सभी को केंद्र सरकार में ज्वाइंट सेक्रेटरी या समकक्ष स्तर के पदों पर नियुक्त किया गया है।
प्रियंका दास को नागरिक उड्डयन मंत्रालय
2009 बैच की IAS अधिकारी प्रियंका दास को नागरिक उड्डयन मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाया गया है। वे इस पद पर शोभित गुप्ता का स्थान लेंगी। इसके साथ ही तेजस्वी नायक और पी नरहरी को भी अहम पद दिया गया है। जहां 2009 बैच की आईएएस तेजस्वी नायक को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, 2001 बैच के आईएएस पी नरहरी को भूमि संसाधन विभाग में ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाया गया है।
LBSNAA में दो अधिकारियों की तैनाती
प्रशासनिक प्रशिक्षण के प्रमुख संस्थान लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (LBSNAA) में भी एमपी कैडर के दो अधिकारियों को तैनात किया गया है। 2010 बैच की आईएएस षणमुगा प्रिया मिश्रा और आईएएस गणेश शंकर मिश्रा को ज्वाइंट डायरेक्टर (संयुक्त सचिव स्तर) बनाया गया है।
5 साल के लिए होगी नियुक्ति
केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों की नियुक्ति 5 साल की अवधि या अगले आदेश तक के लिए की गई है। इन नियुक्तियों को केंद्र और राज्य के बीच प्रशासनिक समन्वय मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। साथ ही, अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से नीति निर्माण और कार्यान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।