Breaking News
  • इंदौरः आईपीएल सट्टा खेलते इंजीनियर सहित आठ आरोपी गिरफ्तार
  • ट्विशा केसः आरोपी समर्थ 29 तक CBI रिमांड पर: रिटायर्ड जज की अग्रिम जमानत पर हाईकोर्ट में सुनवाई
  • पूर्व केरलम CM विजयन समर्थकों का ED टीम पर हमला: लाठी-पत्थर बरसाए, गाड़ी तोड़ी
  • MP के 16 शहरों में पारा 44°C पार,खजुराहो सबसे गर्म
  • चांदी दो दिन में 9000 सस्ती, 2.66 लाख रुपए पर आई: सोना भी 1,800 रुपए सस्ता हुआ, 10 ग्राम सोना 1.57 लाख
  • NEET मामले में CBI ने दो और अरेस्ट किए: इनमें एक डॉक्टर, अब तक 13 लोग गिरफ्तार
  • सुप्रीम कोर्ट बोला- SIR अवैध नहीं: चुनाव आयोग ने कानून के मुताबिक काम किया

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश > लखनऊ

लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

लखनऊ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, CCTV में कैद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

लखनऊ के PGI इलाके में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई। बदमाश फायरिंग के बाद पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए।


लखनऊ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या cctv में कैद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब PGI थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने ऑफिस के बाहर पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फिर पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

मृतक की पहचान जौनपुर निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है। घटना कल्ली पश्चिम इलाके की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।

CCTV फुटेज में दिखे बेखौफ बदमाश

दैनिक भास्कर को मिले एक्सक्लूसिव CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो बदमाश अचानक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस के सामने पहुंचते हैं और बिना किसी डर के लगातार फायरिंग शुरू कर देते हैं। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकलते हैं। यही वजह है कि यह मामला अब सिर्फ हत्या तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, प्रॉपर्टी विवाद या कोई अन्य कारण था। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही PGI थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला टारगेट किलिंग का लग रहा है। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, हमलावरों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की मदद ली जा रही है।

अब सवाल यही उठ रहा है कि राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश आखिर कितने बेखौफ हो चुके हैं। घटना के बाद इलाके के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

लगातार बढ़ रहे हैं प्रॉपर्टी विवाद से जुड़े अपराध

पिछले कुछ समय में उत्तर प्रदेश के कई शहरों में प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े विवादों में हिंसक घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे मामलों में अक्सर पैसों का लेन-देन, जमीन कब्जा या पुरानी दुश्मनी सामने आती रही है। फिलहाल, संदीप सिंह हत्याकांड में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related to this topic: