मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव आज लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी करेंगे।और ग्वालियर में 122 करोड़ के विकास कार्यो की सौगात भी दी जाएगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार आज मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर जिले में आयोजित कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में करीब 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे.इस कार्यक्रम का आयोजन ग्वालियर के शबरी माता मंदिर परिसर में लाड़ली बहना सम्मेलन के दौरान किया जाएगा. राज्य सरकार के अनुसार, योजना के तहत मिलने वाली यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी।
अब हर महीने मिल रहे 1500 रुपये
मध्य प्रदेश सरकार ने हाल ही में योजना की राशि में बढ़ोतरी की है। नवंबर 2025 से लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है.सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और परिवार की आय में सहयोग बढ़ाना है।
अब तक 54 हजार करोड़ से ज्यादा राशि जारी
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। तब से अब तक इस योजना के तहत नियमित रूप से किस्तों का भुगतान किया जा रहा है.सरकारी आंकड़ों के मुताबिक फरवरी 2026 तक 33 किस्तों के माध्यम से 54,140 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है.यह योजना राज्य सरकार की प्रमुख सामाजिक योजनाओं में से एक मानी जाती है।
महिलाओं को रोजगार और कौशल से जोड़ने की तैयारी
राज्य सरकार का कहना है कि योजना का लक्ष्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं है। इसके साथ ही महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर भी काम किया जा रहा है.सरकार का मानना है कि इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
ग्वालियर में 122 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ग्वालियर दौरे के दौरान करीब 122 करोड़ रुपये के 54 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे.इनमें लगभग 62 करोड़ रुपये के 19 कार्यों का लोकार्पण और करीब 60 करोड़ रुपये के 35 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है।