खंडवा के छैगांवमाखन में बाबा के स्वप्न के बाद खुदाई में देवी प्रतिमा मिली। कांजीबेड़ा पहाड़ी पर लोगों की भीड़ उमड़ी, ग्रामीणों ने मंदिर निर्माण का संकल्प लिया।
खंडवा जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र में स्थित कांजीबेड़ा पहाड़ी पर खुदाई के दौरान देवी प्रतिमा मिलने से इलाके में आस्था का माहौल बन गया है। एक बाबा को आए स्वप्न के आधार पर की गई खुदाई में पाषाणकालीन पत्थर की मूर्ति मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच रहे हैं।
स्वप्न की जानकारी के बाद शुरू हुई खुदाई
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने दावा किया कि उसे बार-बार स्वप्न में इस पहाड़ी पर देवी प्रतिमा होने का संकेत मिल रहा था। उसने ग्राम भुईफल की सरपंच से संपर्क किया। शुरुआत में इस पर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन नवरात्रि के दौरान फिर से आग्रह के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में खुदाई कराई गई, जिसमें देवी प्रतिमा सामने आई।
मौके पर बढ़ी भीड़
प्रतिमा मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कांजीबेड़ा पहाड़ी पर पहले से चर्च और भूकंप मापी यंत्र भी स्थापित है, जिससे यह स्थान पहले ही महत्वपूर्ण माना जाता रहा है। अब सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने लिया मंदिर बनाने का संकल्प
ग्राम सरपंच लक्ष्मीबाई मंडलोई के अनुसार, प्रतिमा मिलने की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और निगरानी समिति बनाने के निर्देश दिए। फिलहाल प्रतिमा को उसी स्थान पर सुरक्षित रखते हुए दर्शन की व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से यहां मंदिर निर्माण का संकल्प भी लिया है।