जशपुर में एयर एम्बुलेंस क्रैश की अफवाह पर प्रशासन ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। आज भी तलाश जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को एयर एम्बुलेंस क्रैश होने की खबर से हड़कंप मच गया। नारायणपुर-चारभाठी इलाके में विमान के पहाड़ से टकराने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि देर शाम तक किसी भी तरह के हादसे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
मीडिया और स्थानीय स्तर पर आई शुरुआती सूचनाओं में दावा किया गया कि एक प्राइवेट विमान पहाड़ी क्षेत्र में क्रैश हो गया है। इसके साथ ही धुएं का गुबार उठने के वीडियो भी सामने आए, जिससे अफवाह को और बल मिला। सूचना मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी लाल उमेंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके की ओर रवाना हुई।
करीब एक हजार स्थानीय ग्रामीणों को भी सर्च ऑपरेशन में शामिल किया गया। पुलिस बल और ग्रामीणों ने पहाड़ियों और जंगलों में घंटों तक मलबे की तलाश की, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिला। इसके बाद ड्रोन की मदद से भी इलाके की जांच की गई, फिर भी विमान हादसे के कोई संकेत नहीं मिले।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक प्राइवेट विमान पहाड़ के ऊपर से गुजरते हुए अचानक ओझल हो गया। इसके कुछ देर बाद जंगल की ओर से धुआं उठता दिखाई दिया। लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे विमान क्रैश की खबर फैल गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी विमान हादसे की पुष्टि नहीं हुई है। कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि ओडिशा और झारखंड के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से भी संपर्क किया गया, लेकिन वहां से किसी विमान के लापता होने की जानकारी नहीं मिली
एसएसपी लाल उमेंद सिंह के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई मलबा या तकनीकी अवशेष नहीं मिला है। एहतियात के तौर पर मंगलवार को भी इलाके में दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस समय विमान पहाड़ी क्षेत्र के ऊपर से गुजरा, उसी दौरान जंगल में आग लगी हुई थी। इसी आग से उठते धुएं को लोगों ने विमान हादसे से जोड़ दिया, जिससे अफवाह फैल गई।