मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनापाव में परशुराम-श्रीकृष्ण लोक बनाने की घोषणा की। 17.50 करोड़ की लागत से विकसित होगा धार्मिक पर्यटन स्थल।
इंदौर जिले के जानापाव कुटी में आयोजित भगवान परशुराम के प्राकट्योत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी घोषणा की।
17.50 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यहां ‘श्री परशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ का निर्माण किया जाएगा, जो एक भव्य और दिव्य तीर्थ स्थल के रूप में विकसित होगा। करीब 17 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा।
धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में होगा विकास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस स्थान को इस तरह विकसित किया जाएगा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु यहां भगवान श्रीकृष्ण और भगवान परशुराम के जीवन से जुड़ी लीलाओं और शिक्षाओं को करीब से समझ सकें। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले लोगों को आध्यात्मिक अनुभव के साथ पुण्य लाभ भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम का प्रभाव हर युग में रहा है। उन्होंने बताया कि भगवान राम और भगवान कृष्ण दोनों के जीवन में परशुराम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।परशुराम को शस्त्र और शास्त्र दोनों का महान ज्ञाता बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने भीष्म, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे महान योद्धाओं को शिक्षा दी।
नदियों के विकास से क्षेत्र का विकास होगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्र की नदियों को पुनर्जीवित करने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने गंभीर और अजनार नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदियां धरती माता की धमनियां हैं और इनके संरक्षण से ही क्षेत्र का विकास संभव है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही नदी जोड़ो योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों की तकदीर बदलेगी। केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध जैसी परियोजनाएं समस्या का समाधान करेंगी।
विपक्ष पर साधा निशाना
महिला आरक्षण बिल को लेकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में महिलाओं को उनका हक जरूर मिलेगा।
उज्जैन में दी 58 करोड़ की सौगात
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत विवाह बंधन में बंधे 112 जोड़ों को आशीर्वाद दिया। साथ ही उज्जैनवासियों को 58 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों की सौगात दी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन की पावन धरा पर एक ओर बेटियों का कन्यादान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर सिंहस्थ-2028 के लिए विकास कार्यों की आधारशिला रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि विवाह संस्कार जितना सरल, संस्कारित और सामाजिक सहयोग से होगा, समाज उतना ही संतुलित और मजबूत बनेगा। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है।