इंदौर में अवैध गैस गोदाम पर प्रशासन का छापा। न्यू लोहा मंडी क्षेत्र से 66 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी मौके से फरार।
इंदौरः मिडिल ईस्ट में ऊपजे तनाव का असर भारत में दिखाई दे रहा है। यहां घरेलू गैस की किल्लत बढ़ रही है। इस बीच कालाबाजारी के भी मामले सामने आ रहे हैं। एमपी के इंदौर शहर में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने न्यू लोहा मंडी इलाके में एक अवैध गैस गोदाम पर छापा मारकर 66 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए।
न्यू लोहा मंडी में अवैध गोदाम का खुलासा
दरअसल, अधैव भंडारण के खिलाफ कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर की गई। जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू के मार्गदर्शन में गठित टीम ने निरीक्षण के दौरान न्यू लोहा मंडी क्षेत्र में हरिओम गुप्ता के गोदाम पर छापेमारी की। छापे के दौरान मौके से 24 व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 42 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इस तरह कुल 66 सिलेंडर अवैध रूप से भंडारित पाए गए।
रिफिलिंग के उपकरण भी जब्त
जांच के दौरान टीम को गोदाम में गैस रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण भी मिले। मौके से तीन इलेक्ट्रिक मोटर और दो तौल कांटे जब्त किए गए। अधिकारियों का कहना है कि इन उपकरणों की मदद से घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर अन्य सिलेंडरों में भरने का काम किया जा रहा था।
सिलेंडर ढोने में बुलेट का इस्तेमाल
छापेमारी के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पता चला कि बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों को लाने-ले जाने और रिफिलिंग के काम में एक बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने इस वाहन को भी जब्त कर लिया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।
गोदाम सील कर जांच जारी
प्रशासनिक टीम ने मौके पर रखे सभी सिलेंडर और उपकरण जब्त कर अवैध भंडारण स्थल को सील कर दिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है और वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अंकुर गुप्ता, सुचित्रा दुबे और अजय अस्थाना सहित विभाग की टीम मौजूद रही।