इंदौर के मानपुर क्षेत्र में फार्म हाउस पर पुलिस की दबिश, 18 जुआरी गिरफ्तार। 13.67 लाख रुपये नकद, मोबाइल और कारें जब्त। फार्म हाउस IAS वंदना वैद्य और उनके पति के नाम पर दर्ज है।
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मानपुर थाना क्षेत्र के अवलीपुरा गांव में स्थित एक फार्म हाउस पर पुलिस ने छापा मारकर जुए की बड़ी महफिल का पर्दाफाश किया है। यहां ताश के पत्तों पर लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ लोग अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर भाग निकले। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकदी और मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। खास बात यह है कि जिस फार्म हाउस पर यह सब चल रहा था वह आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य और उनके पति अंबरीश वैद्य के नाम पर दर्ज है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
मानपुर थाना पुलिस को देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवलीपुरा गांव के एक फार्म हाउस में हाईप्रोफाइल जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस जब वहां पहुंची तो फार्म हाउस के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें साफ सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंदर प्रवेश किया और जुआ खेल रहे लोगों को रंगेहाथ पकड़ लिया।
13 लाख से ज्यादा नकदी और मोबाइल जब्त
छापे के दौरान पुलिस को वहां से बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य सामान मिला। इसमें पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद, 30 मोबाइल फोन, 10 नई ताश की गड्डियां और 2 कारें जब्त की गईं हैं। हालांकि पुलिस के पहुंचते ही करीब पांच जुआरी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि यहां काफी समय से जुए की महफिल जमती थी।
IAS वंदना वैद्य के नाम पर है फार्म हाउस
जिस फार्म हाउस से जुआरियों को पकड़ा गया है वह आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य और उनके पति अंबरीश वैद्य के नाम पर है। वर्तमान में वंदना वैद्य वित्त विकास निगम इंदौर की प्रबंध संचालक (MD) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस मामले से उनका कोई संबंध नहीं है। उनके मुताबिक फार्म हाउस की देखरेख के लिए एक चौकीदार रखा गया था, संभवतः उसी ने इस तरह की गतिविधि होने दी।
पुलिस की जांच जारी
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर के अनुसार, मुखबिर की सूचना के आधार पर फार्म हाउस पर दबिश दी गई थी। मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि फार्म हाउस में जुए की यह महफिल कब से चल रही थी। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।