Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

Gwalior Retaining Wall Collapse Probe Begins

जिस दीवार को पहाड़ी थामनी थी वही परिवार पर ढह गई, मलबे में दबा परिवार; हादसे के बाद निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

ग्वालियर में पहाड़ी को थामने के लिए बनाई गई रिटेनिंग वॉल गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। हादसे के बाद निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।


जिस दीवार को पहाड़ी थामनी थी वही परिवार पर ढह गई मलबे में दबा परिवार हादसे के बाद निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

Gwalior Accident News |

प्रशांत शर्मा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के वार्ड-55 स्थित गुढ़ी-गुढ़ा का नाका इलाके में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी को सुरक्षित रखने के लिए बनाई गई करीब 15 फीट ऊंची रिटेनिंग वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा नीचे सड़क किनारे चाय का ठेला लगाने वाले परिवार पर आ गिरा। हादसे में तराना उर्फ सपना बाथम (30) की मौत हो गई, जबकि उनके पति राहुल जाटव और देवर बेताल जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

सुबह करीब साढ़े छह बजे हुए हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस, नगर निगम, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।

कई घंटे चला रेस्क्यू, भारी मशीनों से हटाया गया मलबा

मलबा इतना भारी था कि शुरुआती दौर में जेसीबी मशीनें भी उसे हटाने में सफल नहीं हो सकीं। इसके बाद क्रेन, हाईड्रा, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की मदद से कई घंटे तक बचाव अभियान चलाया गया। भारी कंक्रीट ब्लॉकों को हटाने के बाद तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने सपना को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई है।

सुरक्षा के लिए बनी दीवार ही बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले साल लगातार बारिश के दौरान पहाड़ी का हिस्सा खिसकने लगा था, जिससे आसपास बने मकानों को खतरा पैदा हो गया था। इसके बाद नगर निगम ने करीब 100 फीट लंबी रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराया था ताकि मिट्टी का कटाव रोका जा सके और भविष्य में कोई दुर्घटना न हो। विडंबना यह रही कि जिस दीवार से लोगों को सुरक्षा मिलने की उम्मीद थी, वही उनके लिए जानलेवा साबित हुई।

चाय का ठेला लगाने की तैयारी कर रहा था परिवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राहुल जाटव, उनकी पत्नी सपना और भाई बेताल रोज की तरह सुबह चाय का ठेला लगाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पूरी दीवार ढह गई और तीनों उसके नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

हादसे के बाद नगर निगम की निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में अधिकारियों ने दावा किया कि दीवार के पास भवन निर्माण सामग्री रखी हुई थी। बारिश के बाद उसका वजन बढ़ने से अतिरिक्त दबाव पड़ा और दीवार गिर गई। हालांकि तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि रिटेनिंग वॉल का निर्माण ही इस तरह किया जाता है कि वह पहाड़ी और अतिरिक्त दबाव को सह सके। यदि सामान्य भार से भी दीवार ढह गई तो इसकी डिजाइन, नींव और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच जरूरी है।

चार सदस्यीय जांच समिति गठित, अधिकारियों को नोटिस

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने मामले की तकनीकी जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित कर दी है। समिति को सात दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित जोनल अधिकारी, तत्कालीन उपयंत्री और सहायक यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी।

मलबे से हिलता हाथ बना उम्मीद की निशानी

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य भी सामने आया। मलबा हटाते समय बचाव दल को बेताल जाटव का हाथ दिखाई दिया, जो हल्का-हल्का हिल रहा था। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने और सावधानी से काम किया और कुछ देर बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं माना।

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता

जिला प्रशासन ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से दोनों घायलों को 10-10 हजार रुपये की तत्काल सहायता देने की घोषणा की है। वहीं नगर निगम सभापति मनोज तोमर ने अपनी ओर से 25-25 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की बात कही है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि निर्माण की ड्रॉइंग, डिजाइन और गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related to this topic: