इंदौर एयरपोर्ट पर अबूधाबी से आए यात्री के पास से करीब एक किलो सोना मिला है। डीआरआई तस्करी के एंगल और एयरलाइन कर्मचारी की संभावित भूमिका की जांच कर रही है।
इंदौर। मध्य प्रदेश के महानगर इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर चौंकाने वाली घटना हुई है। यहाँ अबूधाबी से पहुंचे एक यात्री के पास से करीब एक किलो सोना बरामद किया है। शुरूआती आकलन के अनुसार इसकी कीमत दो करोड़ से अधिक की बताई जा रही है। इस मामले में जांच एजेंसियां सक्रिय हो चुकी है।
दरअसल, यह कार्रवाई राजस्व खूफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गोपनीय सूचना के आधार पर सोमवार के दिन की है। जांच अभ केवल यात्री तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
एयरपोर्ट पर पहले से थी निगरानी
सूत्रों के अनुसार डीआरआई को पहले से ही इनपुट मिल गया था कि अबूधाबी से आने वाली फ्लाइट में सोने की तस्करी की कोशिश हो सकती है। इसी सूचना के बाद यात्रियों की प्रोफाइलिंग की गई। फ्लाइट के उतरने के बाद संदेह के आधार पर एक यात्री को रोका गया। एजेंसियों के रोकने पर यात्री के हावभाव में परिवर्तन आया। इसके बाद यात्री की तलाशी ली गई तो उसके पास से करीब एक किलो सोना बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सोने की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है।
जांच का दायरा अब एयरलाइन तक पहुंचा
पूरे मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस या एयरपोर्ट से जुड़े एक कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। सूत्रों का कहना है कि डीआरआई अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारी से काफी देर तक पूछताछ की है। हालांकि अभी तक किसी गिरफ्तारी या कार्रवाई की ऑफिशियल पुष्टि नहीं की गई है।
इंटरनेशनल की सीधी उड़ान के बाद पहली बड़ी कार्रवाई
आबूधाबी और इंदौर के बीच सीधी उड़ान शुरू होने के कुछ ही समय बाद यह बड़ी जब्ती सामने आई है। पिछले महीने मुख्यमंत्री ने इस अंतरराष्ट्रीय सेवा का शुभारंभ किया था। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि क्या इस रूट का इस्तेमाल संगठित तस्करी के लिए किया जा रहा था।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
डीआरआई, एयरपोर्ट प्रबंधन और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने फिलहाल मामले पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि तनकीनी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जांच प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। इससे पहले भी दुबई और शारजाह से आने वाली उड़ानों में सोना बरामद होने के मामले सामने आ चुके हैं।