Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > छत्तीसगढ़

Koriya Suicide Case

''मम्मी-पापा माफ कर देना'', इतना लिखकर फंदे पर लटकी आरक्षक की बेटी, इस आरोप से थी दुखी

कोरिया के बैकुंठपुर में चोरी के आरोप और कथित मानसिक प्रताड़ना के बाद 17 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आईसी मार्ट संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दुकान सील कर दी ह


मम्मी-पापा माफ कर देना इतना लिखकर फंदे पर लटकी  आरक्षक की बेटी इस आरोप से थी दुखी

Chhattisgarh News |

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आरक्षक की नाबालिग बेटी ने फंदे से लटककर मौत को गले लगा लिया। उसके खौफनाक कदम उठाने की वजह भी हैरान कर देने वाली है। दरअसल, छात्रा पर एक सुपरमार्केट संचालक द्वारा कथित तौर पर कॉस्मेटिक सामान चोरी का आरोप लगाया गया था।

आरोप है कि संचालक ने उससे चोरी स्वीकार करने वाला नोट लिखवाया और स्कूटी लौटाने के बदले पहले 5 हजार, फिर 20 हजार और अंत में 50 हजार रुपये की मांग की। घटना से आहत छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा 'मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना, मेरी वजह से आपको बदनामी झेलनी पड़ रही है।' घटना के बाद पुलिस परिवार और परिजनों ने थाने का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, विरोध के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आईसी मार्ट को सील कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

मृतक छात्रा रितु सिंह (17) बैकुंठपुर पुलिस लाइन में रहने वाले आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी थी और आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। मंगलवार को वह अपनी छोटी बहन के साथ बैकुंठपुर के संजय चौक स्थित आईसी मार्ट में खरीदारी करने गई थी। आरोप है कि दुकान संचालक ने उस पर करीब 1500 रुपये के कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया, जबकि दोनों बहनें सामान लेकर दुकान से बाहर भी नहीं निकली थीं।

कथित तौर पर चोरी कबूलने का नोट लिखवाया

परिजनों के मुताबिक, दुकान संचालक ने छात्रा और उसकी बहन से एक कागज पर यह लिखवाया कि उन्होंने आईसी मार्ट से चोरी की है और दोनों से हस्ताक्षर भी कराए। इसके बाद उनकी स्कूटी अपने पास रख ली गई।

स्कूटी छोड़ने के लिए रुपये मांगने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि पहले स्कूटी छोड़ने के लिए 5 हजार रुपये मांगे गए। बाद में छात्रा के परिचित एक एएसआई के पहुंचने पर 20 हजार रुपये की मांग की गई। अगले दिन जब छात्रा के पिता दुकान पहुंचे तो उनसे कथित तौर पर 50 हजार रुपये मांगे गए। उनके पास 20 हजार रुपये होने के बावजूद स्कूटी वापस नहीं की गई।

तनाव में आकर छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम

पिता ने घटना की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी को दी, जो उस समय मायके गई हुई थीं। जब छात्रा को पता चला कि मामला घर तक पहुंच गया है तो वह तनाव में आ गई। दोपहर में माता-पिता के घर पहुंचने से पहले उसने फांसी लगा ली। वहीं, बेटी की मौत का सदमा लगने से छात्रा की मां की मानसिक स्थिति बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस परिवार का प्रदर्शन, हाईवे जाम

गुरुवार को बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य और परिजन बैकुंठपुर थाने पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग की। बाद में महिलाएं आईसी मार्ट के सामने पहुंचीं और नेशनल हाईवे-343 पर धरना देकर चक्काजाम किया। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

विधायक ने दिया कार्रवाई का भरोसा

बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने परिजनों से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

IC मार्ट सील, CCTV फुटेज की जांच

पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। अंबिकापुर से साइबर एक्सपर्ट की टीम बुलाकर सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है। घटना के बाद से दुकान संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related to this topic: