Breaking News
  • हमारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

Ghaziabad Birthday Party Murder

मौत के लिए बुना बर्थडे सेलिब्रेशन का जाल! दोस्तों ने युवक को चाकुओं से उतारा मौत के घाट

गाजियाबाद में जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाए गए युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने इसे पहले से रची साजिश बताया है, जबकि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।


मौत के लिए बुना बर्थडे सेलिब्रेशन का जाल दोस्तों ने युवक को चाकुओं से उतारा मौत के घाट

UP Crime News |

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में दोस्ती के भरोसे की एक दर्दनाक कहानी सामने आई है। जन्मदिन की पार्टी का न्योता मिलने पर युवक बिना किसी शक के दोस्तों के घर पहुंचा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसी पार्टी में उस पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान मोहित शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि यह वारदात अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं, बल्कि पहले से बनाई गई साजिश थी। उनका कहना है कि पुराने विवाद का बदला लेने के लिए दोस्तों ने जन्मदिन की पार्टी को जाल बनाया।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

मोहित के भाई के अनुसार, कुछ समय पहले दोस्तों के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया था। इसके बावजूद दूसरे पक्ष ने रंजिश खत्म नहीं की। परिवार का दावा है कि मोहित की हत्या की योजना पहले से बनाई जा रही थी। आरोप है कि उसे पहले खाटू श्याम और फिर हरिद्वार भी ले जाया गया। लेकिन मौका नहीं मिलने पर दो दिन बाद जन्मदिन मनाने के बहाने घर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया।

परिजनों ने छह दोस्तों पर लगाया साजिश का आरोप

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि छह दोस्तों ने मिलकर हत्या की। उनके अनुसार, मोहित को पहले शराब पिलाई गई और फिर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए गए। परिवार का कहना है कि शरीर पर मिले घाव बताते हैं कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ रखा था, जबकि बाकी आरोपी लगातार हमला करते रहे। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की शुरुआती जांच में क्या सामने आया

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि 2 जुलाई की तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को न्यू शांतिनगर में एक युवक पर चाकू से हमला होने की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल मोहित शर्मा को एमएमजी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया कि मृतक और उसके दोस्तों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। घटना वाली रात पार्टी के दौरान नशे की हालत में फिर कहासुनी हुई और इसके बाद चाकू से हमला किया गया।

आरोपी हिरासत में, जांच कई पहलुओं पर जारी

पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस परिवार के साजिश वाले आरोप और शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Related to this topic: