दुर्ग-भिलाई में हनीट्रैप के जरिए 16 वर्षीय युवक का अपहरण कर 1 करोड़ की फिरौती मांगी गई। मामले में सगा भांजा मास्टरमाइंड निकला, युवती समेत 5 आरोपी गिरफ्तार।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। 16 वर्षीय किशोर को हनीट्रैप के जरिए फंसाकर किडनैप किया गया था। जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड पीड़ित का सगा भांजा ही निकला। मामला दुर्ग के अमलेश्वर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है और युवती समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Instagram पर दोस्ती, फिर रचा अपहरण का प्लान
आरोपियों ने एक युवती को इस साजिश में शामिल किया, जिसने Instagram के जरिए नाबालिग से संपर्क किया।करीब 4-5 दिनों तक बातचीत कर उसे भरोसे में लिया गया। इसके बाद मिलने के बहाने अमलेश्वर के तिरंगा चौक बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे कार में बैठाकर अपहरण कर लिया।
1 करोड़ की फिरौती की मांग
अपहरण के करीब 45 मिनट बाद आरोपियों ने पीड़ित के पिता को कॉल कर 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी।आरोपियों ने धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर बच्चे को नुकसान पहुंचाया जाएगा। एक कॉल में नाबालिग से भी बात कराई गई, जिसमें उसने रोते हुए अपने पिता से मदद की गुहार लगाई।
साइबर ट्रैकिंग से पुलिस को मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, जो Dhamtari district के भखारा क्षेत्र में मिली।इसके बाद धमतरी पुलिस के सहयोग से अर्जुनी थाना क्षेत्र में नाकेबंदी की गई। संदिग्ध कार को रोकने के लिए सड़क पर जेसीबी लगाकर रास्ता ब्लॉक किया गया।जांच के दौरान कार से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।
भांजा था साजिश का मास्टमाइंड
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी संजय साहू (25) ने इस पूरे अपहरण की योजना बनाई थी। उसे अपने मामा की आर्थिक स्थिति की पूरी जानकारी थी, जिसके चलते उसने फिरौती के लिए यह साजिश रची।उसने अपने साथियों और एक युवती को शामिल कर पूरी योजना तैयार की। युवती ने हनीट्रैप के जरिए नाबालिग को फंसाने में अहम भूमिका निभाई।
5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शैलेंद्र लहरे, रविंद्र लहरे उर्फ नानू, कृष्णा साहू उर्फ करन, संजय साहू और हेमपुष्पा साहू शामिल हैं।आरोपियों के कब्जे से एक कार और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है।