Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

Hapur Police

Hapur Police: चेक पोस्ट पर चुलबुल पांडे! दरोगा की टोपी पहन कुर्सी पर बैठा शराबी, वीडियो वायरल

जनपद हापुड़ में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उस समय बड़ा सवाल खड़ा हो गया, जब गढ़ रोड स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर एक शराबी युवक ने शुक्रवार रात्रि में फिल्मी अंदाज में उत्पात मचाया...


hapur police चेक पोस्ट पर चुलबुल पांडे दरोगा की टोपी पहन कुर्सी पर बैठा शराबी वीडियो वायरल

Hapur Police: चेक पोस्ट पर चुलबुल पांडे! दरोगा की टोपी पहन कुर्सी पर बैठा शराबी, वीडियो वायरल |

प्रमोद शर्मा, हापुड़: जनपद हापुड़ में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उस समय बड़ा सवाल खड़ा हो गया, जब गढ़ रोड स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर एक शराबी युवक ने शुक्रवार रात्रि में फिल्मी अंदाज में उत्पात मचाया और पुलिस महकमा तमाशबीन बना रहा। पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर युवक न सिर्फ चेक पोस्ट के भीतर घुस गया, बल्कि दरोगा की सरकारी कुर्सी पर कब्जा जमाकर उनकी टोपी पहन ली और खुद को चेक पोस्ट का इंचार्ज समझने लगा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।

खाली थी चेक पोस्ट

बताया जा रहा है कि देर रात पुलिसकर्मी गश्त पर निकले हुए थे और चेक पोस्ट पूरी तरह खाली पड़ा था। इसी दौरान शराब के नशे में धुत एक युवक अंदर घुस गया। उसने सरकारी कुर्सी पर बैठकर फाइलों और दस्तावेजों को उलट-पुलट करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, वहां आने वाले लोगों और फरियादियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करता रहा। हैरानी की बात यह रही कि काफी देर तक किसी पुलिसकर्मी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

शराबी ने की तोड़फोड़

स्थानीय लोगों ने जब यह नजारा देखा तो मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में युवक दरोगा की टोपी पहनकर दबंग अंदाज में बैठा दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसका हंगामा और बढ़ गया। वह चेक पोस्ट से बाहर निकल आया और सरकारी बोर्ड, गमलों व अन्य सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। राहगीरों और बाइक सवारों से गाली-गलौज व हाथापाई करने लगा, जिससे गढ़ रोड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और जाम जैसे हालात बन गए।

लोगों का कहना है कि यदि चेक पोस्ट पर पुलिस की नियमित मौजूदगी रहती तो कोई भी व्यक्ति इस तरह सरकारी प्रतिष्ठान में घुसकर पुलिस की वर्दी और गरिमा का मजाक उड़ाने की हिम्मत नहीं करता। घटना ने यह भी साबित कर दिया कि संवेदनशील चेक पोस्ट कितनी देर तक भगवान भरोसे छोड़ दिए जाते हैं।

युवक ने दी पुलिस को धमकियां

सूचना मिलने के बाद हापुड़ देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को हिरासत में लिया। पुलिस वाहन में बैठाए जाने के बाद भी वह पुलिसकर्मियों को धमकियां देता रहा। अब वायरल वीडियो ने पुलिस की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है। शहर में चर्चा है कि जब पुलिस चौकी और चेक पोस्ट ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता खुद को कितना सुरक्षित महसूस करे? यही सवाल अब पुलिस प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

 

 

 

 

 

View this post on Instagram

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

A post shared by Swadesh (@swadesh_news1)

Related to this topic: