Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > नई दिल्ली

Delhi Rohini Building Collapse

दिल्ली रोहिणी में पांच मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबकर एक की मौत

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बारिश के बीच निर्माणाधीन पांच मंजिला मकान गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई और दो घायल हैं। मलबे में लोगों की तलाश जारी है।


दिल्ली रोहिणी में पांच मंजिला मकान ढहा मलबे में दबकर एक की मौत

New Delhi Building Collapse News |

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के बीच रोहिणी सेक्टर-16 में बड़ा हादसा हो गया। बुधवार शाम एक निर्माणाधीन पांच मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार मलबे की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। इमारत गिरने के समय वहां मजदूर काम कर रहे थे। अब तक दो मजदूरों समेत तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। बचाव एजेंसियों को चार से पांच और लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ और अन्य टीमें राहत अभियान में जुटी हैं।

बारिश के बीच अचानक जमींदोज हुई पांच मंजिला इमारत

हादसा रोहिणी सेक्टर-16 के जी-4 इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक प्लॉट नंबर-150 पर दो छोटे प्लॉट जोड़कर ग्राउंड फ्लोर के ऊपर चार मंजिलों का निर्माण किया गया था। इमारत का लेंटर डाला जा चुका था और बाहर से प्लास्टर व फिनिशिंग का काम चल रहा था। मंगलवार से जारी बारिश के कारण बुधवार को मौके पर मजदूरों की संख्या सामान्य दिनों से कम थी। शाम करीब 4:20 बजे अचानक पूरी इमारत गिर गई और उसका मलबा सड़क पर फैल गया।

सड़क से गुजर रहे बाइक सवार की मौत

मकान गिरने के बाद मलबा आसपास की सड़क पर मौजूद लोगों और वाहनों पर जा गिरा। उसी दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार इसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। बचाव टीमों ने मलबे से दो मजदूरों और बाइक सवार को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल भेजा गया जहां बाइक सवार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों मजदूरों का इलाज जारी है।

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग की छह गाड़ियां, एनडीआरएफ, डीडीएमए और अन्य नागरिक एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने कटर से मलबे को काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की। अधिकारियों के मुताबिक चार से पांच लोगों के अभी भी दबे होने की आशंका है। कुछ लोगों के मलबे के अंदर से आवाज लगाने की बात भी सामने आई है।

आसपास की इमारतें खाली कराईं गईं

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है। आसपास की कुछ इमारतों को भी एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। प्रशासन अब हादसे के कारणों की जांच कर रहा है कि इमारत गिरने के पीछे बारिश, निर्माण गुणवत्ता या किसी अन्य वजह की भूमिका रही है या नहीं।

Related to this topic: