दिल्ली के पालम इलाके में 4 मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग ने 10 लोगों को रेस्क्यू किया। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पालम इलाके के साध नगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक 4 मंजिला रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 3 नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 7 बजे लगी और देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। स्थानीय लोगों ने धुएं का गुबार दूर से ही देखा। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह पालम मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल की टीम ने 10 लोगों को सुरक्षित निकाला
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। करीब 30 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें 3 घायल बताए जा रहे हैं। दो लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। दो लोगों का इलाज IGI अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक अन्य घायल को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बिल्डिंग में स्टोरेज और रिहायशी उपयोग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर कपड़े और कॉस्मेटिक सामान का स्टोरेज किया जा रहा था। वहीं, ऊपरी मंजिलों पर लोग रह रहे थे। चौथे फ्लोर पर टिन शेड बना हुआ था, जहां तक आग की लपटें पहुंच गईं।स्थानीय लोगों ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

नीचे आग, ऊपर धुआं
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जब टीम मौके पर पहुंची तो इमारत के निचले हिस्से में आग की तेज लपटें थीं और ऊपरी मंजिलों पर घना धुआं भर चुका था। इसी कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण हो गया। NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में सहयोग किया। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों में कई महिलाएं और तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पीएम ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की मदद करने की अपील की।