Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश

Datia Bypoll Congress Row

दतिया उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन दाखिल करने के बाद बढ़ी मुश्किल? Congress के नेता हुए नाराज

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन के बीच अवधेश नायक की गैरमौजूदगी ने नई चर्चा छेड़ दी। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व पर नाराजगी जताई और सभी विकल्प खुले होने की बात कही।


दतिया उपचुनाव कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन दाखिल करने के बाद बढ़ी मुश्किल congress के नेता हुए नाराज

Datia by Election News |

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में हो रहे उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया के साथ ही राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। लेकिन टिकट के प्रमुख दावेदार रहे अवधेश नायक पार्टी की जनसभा से दूर रहे। उनकी गैरमौजूदगी ने सियासी गलियारों में नए कयासों को जन्म दे दिया।

उधर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। दोनों प्रमुख दलों ने चुनावी ताकत दिखाने की कोशिश की। लेकिन चर्चा का केंद्र अवधेश नायक की नाराजगी बनी रही।

अवधेश नायक ने प्रदेश नेतृत्व पर जताई नाराजगी

मीडिया से बातचीत में अवधेश नायक ने कहा कि 2023 विधानसभा चुनाव में पहले उन्हें कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया था। लेकिन बाद में टिकट बदल दिया गया। उस समय पार्टी नेतृत्व ने भविष्य में मौका देने का भरोसा दिलाया था। लेकिन इस बार भी उन्हें टिकट नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उनकी नाराजगी उम्मीदवार घनश्याम सिंह से नहीं, बल्कि प्रदेश नेतृत्व के फैसले से है।

बीजेपी में वापसी के सवाल पर दिया खुला संकेत

जब उनसे भाजपा में लौटने की संभावना पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि उनके सामने सभी विकल्प खुले हैं और इस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी उनके छोटे भाई जैसे हैं। इस बयान के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

दिग्विजय सिंह ने मंच से मांगी माफी

कांग्रेस की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अवधेश नायक का नाम लेकर कहा कि उन्होंने पहले उनके टिकट का विरोध किया था, क्योंकि वह हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए थे। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि नायक ने 2023 विधानसभा चुनाव में पूरी ईमानदारी से पार्टी के लिए काम किया। दिग्विजय सिंह ने सार्वजनिक तौर पर कहा कि यदि उनके किसी व्यवहार से नायक को ठेस पहुंची हो तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।

कांग्रेस ने नामांकन में बरती अतिरिक्त सावधानी

राज्यसभा चुनाव में नामांकन से जुड़ी पिछली गलती से सबक लेते हुए कांग्रेस ने इस बार मुख्य उम्मीदवार घनश्याम सिंह के साथ तीन डमी उम्मीदवारों के भी नामांकन दाखिल कराए। पार्टी ने किसी भी तकनीकी स्थिति से बचने के लिए यह रणनीति अपनाई है।

बीजेपी ने भी दिखाई चुनावी ताकत

भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि अवधेश नायक की भाजपा में संभावित वापसी के सवाल पर हेमंत खंडेलवाल ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं, भाजपा ने उपचुनाव के लिए नरोत्तम मिश्रा को स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल किया है।

दतिया में मुकाबला हुआ दिलचस्प

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। समाजवादी पार्टी ने इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया है, जबकि बसपा ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। ऐसे में मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच सिमटता नजर आ रहा है, लेकिन अवधेश नायक का अगला कदम चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

Related to this topic: